दुद्धी, सोनभद्र। साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दुद्धी थाना पुलिस की साइबर हेल्प डेस्क टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर फ्रॉड के पीड़ित युवक के खाते में ₹4,500 की धनराशि वापस करा दी।

पुलिस के अनुसार, कस्बा दुद्धी निवासी संदीप कुमार सिंह के बैंक खाते से अज्ञात साइबर ठग ने यूपीआई के माध्यम से ₹19,000 की धनराशि फ्रॉड कर ली थी। घटना के बाद पीड़ित ने इसकी शिकायत एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज कराई।
शिकायत प्राप्त होने के बाद दुद्धी थाना की साइबर हेल्प डेस्क टीम ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आवश्यक साक्ष्य जुटाए और संबंधित बैंकों से पत्राचार किया। पुलिस के प्रयासों के बाद ₹4,500 की धनराशि पीड़ित के बैंक खाते में वापस करा दी गई।
धनराशि वापस मिलने पर पीड़ित संदीप कुमार सिंह ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए अधिकारियों एवं साइबर हेल्प डेस्क टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल एवं क्षेत्राधिकारी दुद्धी विनय प्रभाकर साहनी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ प्रताप सिंह तथा साइबर हेल्प डेस्क टीम द्वारा की गई।











