लाठी-डंडे से हमला कर तीन लोगों को घायल करने का आरोप, एससी-एसटी एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में एफआईआर
विंढमगंज (सोनभद्र)। विंढमगंज थाना क्षेत्र के जोखाड़ गांव में मारपीट और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर गाली-गलौज करने के मामले में पुलिस ने एक नामजद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 115, 352, 351(3) तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।

प्राप्त तहरीर के अनुसार, घटना 9 नवंबर 2026 की शाम करीब छह बजे की है। शिकायतकर्ता अरविंद कुमार गोंड अपने साढ़ू अमर सिंह गोंड के साथ घर लौट रहे थे। इसी दौरान नदी के किनारे जोखाड़ निवासी राजेश यादव पुत्र मथुरा यादव कथित तौर पर लाठी-डंडा लेकर पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर उसने दोनों के साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे विष्णु गोंड पुत्र महीपत गोंड को भी मारपीट कर घायल करने का आरोप है।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया गया तथा जान से मारने की धमकी भी दी गई। घटना में अमर सिंह गोंड और विष्णु गोंड को चोटें आई हैं।
मामले में विंढमगंज थाने में 11 नवंबर 2026 को एफआईआर संख्या 0137/2026 दर्ज की गई है। पुलिस ने अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।












