विंढमगंज (सोनभद्र)। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर विंढमगंज क्षेत्र में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। छठ पर्व को भव्य और आकर्षक बनाने के लिए सन क्लब सोसायटी के सदस्यों द्वारा भारती इंटरमीडिएट कॉलेज के खेल मैदान में व्यापक स्तर पर साफ-सफाई और सजावट का कार्य कराया जा रहा है।

मैदान में श्रद्धालुओं के लिए विशाल पंडाल तैयार किया जा रहा है। इसके साथ ही टेंट, आकर्षक डेकोरेशन और रंग-बिरंगी सजावट से पूरे परिसर को भव्य रूप दिया जा रहा है। परिसर की साफ-सफाई का कार्य भी युद्धस्तर पर जारी है, ताकि छठ पूजा में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
वहीं, छठ पूजा के अवसर पर लगने वाले मेले को लेकर भी विशेष तैयारियां की जा रही हैं। मेले में बच्चों और युवाओं के मनोरंजन के लिए झूला, ब्रेक डांस सहित विभिन्न प्रकार के मनोरंजक साधन लगाए जा रहे हैं। इससे छठ पूजा के साथ-साथ मेले में भी लोगों को आकर्षण का केंद्र मिलेगा।
सन क्लब सोसायटी के युवाओं द्वारा हर वर्ष की तरह इस बार भी छठ महापर्व को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। क्षेत्रवासियों में भी पर्व को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।












