October 5, 2026 3:05 am

Written By

Share करें

✓ Link copy हो गया!

सम्बंधित जानकारी

नौ माह की गर्भवती महिला की इलाज के दौरान मौत, मायके में रह रही थी प्रसूता

पेट में तेज दर्द उठने के बाद सीएचसी दुद्धी पहुंचाया गया, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

दुद्धी/सोनभद्र। नौ माह की गर्भवती 31 वर्षीय महिला की रविवार सुबह अचानक पेट में तेज दर्द उठने के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी में इलाज के दौरान मौत हो गई। महिला पिछले करीब तीन माह से अपने मायके दीघुल गांव में रह रही थी। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, फिरोजाबाद जिले के पतारा दलेलपुर निवासी सरिता देवी (31) पत्नी प्रदीप भुइया रविवार सुबह अचानक तेज पेट दर्द की शिकायत से परेशान हो गईं। परिजनों की सूचना पर 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। एंबुलेंस के ईएमटी विजय बहादुर मौर्या और चालक अजीत कुमार मरीज को निमियाडीह-टेढ़ा तिराहा से लेकर सुबह करीब नौ बजे सीएचसी दुद्धी पहुंचे।

सीएचसी में तैनात चिकित्सक डॉ. विनोद सिंह ने महिला की स्वास्थ्य जांच की, लेकिन उसे मृत घोषित कर दिया। महिला नौ माह की गर्भवती थी।

मृतका के पिता रामरती निवासी दीघुल ने बताया कि सरिता उनकी तीन बेटियों में सबसे बड़ी थी। उसकी शादी करीब सात वर्ष पूर्व फिरोजाबाद क्षेत्र में हुई थी। प्रसव के समय बेहतर देखभाल के लिए वह करीब तीन माह पहले अपने मायके आई थी। परिजनों के मुताबिक सरिता का यह दूसरा बच्चा था। करीब चार वर्ष पहले उसका पहला बच्चा बड़े ऑपरेशन के दौरान पेट में ही मौत का शिकार हो गया था।

घटना के समय मृतका का पति प्रदीप भुइया भी सीएचसी दुद्धी में मौजूद था। अस्पताल प्रशासन की ओर से मेमो के माध्यम से घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Ravi Kumar
Author: Ravi Kumar

दुद्धी/संवाद/ रवि सिंह/सोनभद्र

error: Content is protected !!