दुद्धी (सोनभद्र)। भाजपा के वाराणसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से एमएलसी प्रत्याशी केदारनाथ सिंह एवं प्रभारी मंत्री हंसराज सिंह ने रविवार को दुद्धी विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क किया। इस दौरान नगर पंचायत के बहुद्देशीय हॉल में सभा का आयोजन किया गया।

सभा को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री एवं एमएलसी प्रत्याशी ने कहा कि वाराणसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र प्रदेश की 56 विधानसभा क्षेत्रों को स्पर्श करता है। ऐसे में यह चुनाव आगामी विधानसभा चुनाव की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने क्षेत्र के मतदाताओं से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की।
प्रत्याशी केदारनाथ सिंह ने कार्यकर्ताओं से मतदाताओं को मतदान केंद्र तक पहुंचाने में सहयोग करने और मतदान में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। भाजपा ने वाराणसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से केदारनाथ सिंह को अपना प्रत्याशी बनाया है।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता, दर्जा प्राप्त मंत्री जीत सिंह खरवार, श्रवण सिंह गौड़, कमलेश मोहन, सरजू बैसवार, मनोज सिंह उर्फ बबलू, सुषमा सिंह, मंडल अध्यक्ष दीपक शाह, सुमित सोनी, मनीष जायसवाल सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।












