विंढमगंज (सोनभद्र)। विजयादशमी के अवसर पर विंढमगंज थाना क्षेत्र में मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन और रावण दहन को लेकर भारती इंटरमीडिएट कॉलेज के खेल मैदान में भारी भीड़ उमड़ी। राम-जानकी मंदिर, मां काली मंदिर सलैयाडीह, शिव मंदिर कोन मोड़, शिव मंदिर मुड़ीसेमर और हरनाकछार सहित विभिन्न स्थानों से मां दुर्गा की प्रतिमाएं गाजे-बाजे के साथ निकाली गईं।

जुलूस हलवाई मोहल्ला, रामलीला फड़ और मां काली मंदिर मेन रोड होते हुए खेल मैदान पहुंचा। इस दौरान डीजे की धुन पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। मैदान में रामलीला के कलाकारों ने भगवान श्रीराम और रावण के बीच युद्ध का मंचन किया। अंत में श्रीराम की भूमिका निभा रहे कलाकार ने रावण पर बाण चलाया, जिसके बाद विशाल रावण का पुतला धू-धू कर जल उठा। आकर्षक आतिशबाजी ने लोगों का मन मोह लिया। मैदान में मेला भी लगा था। खिलौनों और मिठाइयों की दुकानों पर लोगों की भीड़ रही। इमरती मिठाई खरीदने के लिए लोग घंटों कतार में खड़े रहे। बच्चों ने खिलौने खरीदे और मेले का आनंद लिया। विजयादशमी पर लोगों ने घरों में तरह-तरह के पकवान बनाए और एक-दूसरे को शुभकामनाएं देकर पर्व की खुशियां साझा कीं। इस अवसर पर राम-जानकी मंदिर के बाबा श्री श्री 108 वेद मोहनदास ने मां काली दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष रविशंकर जायसवाल सहित दस सदस्यों तथा मुड़ीसेमर शिव मंदिर दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष उपेंद्र पासवान सहित दस सदस्यों को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर आशीर्वाद दिया। वहीं, विंढमगंज थाना अध्यक्ष रविकांत मिश्रा, सुनील राय सहित अन्य पुलिसकर्मियों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में राम-जानकी मंदिर दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष संजय गुप्ता, उपाध्यक्ष ओमप्रकाश रावत, सुमन गुप्ता, राजू गुप्ता, अमित केसरी, राजकमल, सत्यम, लवकुश, ओपी यादव और हर्षित प्रकाश ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मां काली मंदिर दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष रविशंकर जायसवाल, कोषाध्यक्ष राजीव रंजन तिवारी, प्रेम, रुपेश केसरी, संतोष, नीलम और प्रवेश गुप्ता ने भी सहयोग किया। शिव मंदिर कोन मोड़ दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष अरविंद जायसवाल, लक्ष्मण कुशवाहा, दिलीप मौर्या, अभिषेक प्रताप सिंह, विवेक सिंह, मनीष मद्धेशिया, रुपेश प्रजापति और अजीत सहित अन्य सदस्य आयोजन में सक्रिय रहे। वहीं, मुड़ीसेमर शिव मंदिर दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष उपेंद्र पासवान, जया मौर्या, ओपी यादव, सरजू यादव, राकेश पासवान और चंदन मौर्य सहित अन्य सदस्यों ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। क्षेत्र के गणमान्य लोगों के सहयोग से प्रतिमा विसर्जन और रावण दहन का कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।












