विंढमगंज (सोनभद्र)। विंढमगंज स्थित भारती इंटरमीडिएट कॉलेज के खेल मैदान एवं सतत वाहिनी नदी तट पर बने छठ घाट पर सोमवार की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का श्रद्धा और उल्लास के बीच समापन हो गया। रविवार की शाम हजारों व्रती महिलाओं ने भगवान सूर्य के मंदिर के सामने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर संध्या अर्घ्य दिया।

वहीं रविवार की रात सन क्लब सोसायटी विंढमगंज की ओर से क्षेत्र के आठ विद्यालयों के विद्यार्थियों के बीच भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं टैलेंट शो का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व विधायक हरिराम चेरो ने दीप प्रज्वलित कर किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में एससी-एसटी आयोग के उपाध्यक्ष एवं दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री जीत सिंह खरवार, विधायक प्रत्याशी नरेंद्र सिंह गौड़, म्योरपुर ब्लॉक प्रमुख मानसिंह गोंड, जिला पंचायत सदस्य बाघड़ू जुबेर आलम, बसपा दुद्धी विधानसभा प्रभारी संजय कुमार गोंड धुर्वे तथा अधिवक्ता विकास शाक्य मौजूद रहे।सांस्कृतिक कार्यक्रम में एमएस पैराडाइज विद्यालय ने माता-पिता के सम्मान, कंपोजिट स्कूल ने प्रकृति संरक्षण, सिटी पब्लिक स्कूल ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, रामजी पब्लिक स्कूल ने महिषासुर मर्दिनी, एरिस्टो एकेडमी ने छठ पूजा की महिमा, फॉर योर लिटिल फ्लावर एसजीएम ने छत्रपति संभाजी महाराज, संत श्री सच्चा बाबा सरस्वती शिशु मंदिर ने लोक आस्था के महापर्व छठ तथा प्रतिभा साइंस कोचिंग सेंटर ने पारिवारिक संस्कारों पर आधारित आकर्षक प्रस्तुतियां देकर सामाजिक संदेश दिया।
टैलेंट शो में कुल 13 कलाकारों की टीमों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। निर्णायक मंडल में शामिल राजेंद्र गुप्ता, नंदकिशोर गुप्ता, राकेश गुप्ता एवं मनीष केसरी ने प्रस्तुतियों का मूल्यांकन किया। प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार एमएस पैराडाइज बिलासपुर, झारखंड की टीम को मिला, जबकि द्वितीय स्थान द रिदम ऑफ द टेरिटरी और तृतीय स्थान द किंग ग्रुप ने प्राप्त किया। कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने विभिन्न आकर्षक झांकियां प्रस्तुत कर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।सोमवार की सुबह उगते सूर्य की महाआरती के बाद क्लब अध्यक्ष शिवम मद्धेशिया उर्फ विक्की ने सभी कलाकारों, छठ व्रती माताओं-बहनों एवं श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए क्लब की ओर से हार्दिक अभिनंदन एवं वंदन किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में संयोजक डीसी मद्धेशिया, सचिव राजकमल मद्धेशिया सहित क्लब के पूर्व अध्यक्ष, वरिष्ठ पदाधिकारी एवं दर्जनों युवा सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।












