November 16, 2026 5:19 am

Written By

Share करें

✓ Link copy हो गया!

सम्बंधित जानकारी

सतत् वाहिनी छठ घाट पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, काशी के विद्वान पंडितों ने की भव्य गंगा महाआरती

विंढमगंज (सोनभद्र)। विंढमगंज के सतत् वाहिनी नदी तट पर छठ महापर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सन क्लब सोसायटी विंढमगंज की ओर से आयोजित भव्य कार्यक्रम में घाट की आकर्षक सजावट, काशी के विद्वान पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ गंगा महाआरती, मनमोहक झांकियों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। पूरा घाट भक्तिमय वातावरण में सराबोर नजर आया।

 

इस अवसर पर काशी से आए विद्वान पंडितों ने विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भव्य गंगा महाआरती की। आरती के दौरान घाट पर मौजूद श्रद्धालु भक्ति में लीन दिखाई दिए। इसके बाद पूर्व विधायक हरिराम चेरो, रामनरेश पासवान, राजेश जायसवाल, रामसकल जायसवाल, रमेशचंद्र कुशवाहा, गौरीशंकर दुबे एवं अशोक जायसवाल सहित अन्य अतिथियों ने सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलित कर सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ किया। आकर्षक झांकी के बाद विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर खूब तालियां बटोरीं।कार्यक्रम में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार ने पहुंचकर श्रद्धालुओं को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं। म्योरपुर ब्लॉक प्रमुख मान सिंह ने भी छठ महापर्व की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए सन क्लब सोसायटी के आयोजन की सराहना की।इस दौरान बहुजन समाज पार्टी के दुद्धी विधानसभा प्रभारी संजय कुमार गोंड धुर्वे एवं रामविचार गौतम को सम्मानित किया गया। संजय कुमार गोंड धुर्वे ने कहा कि वे नेता नहीं, बल्कि क्षेत्रवासियों के बेटा और भाई बनकर सेवा करना चाहते हैं। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के मुद्दों पर अपनी प्रतिबद्धता जताते हुए कहा कि आर्थिक अभाव में किसी भी बच्चे की पढ़ाई बाधित नहीं होने दी जाएगी। जरूरतमंद परिवार उनसे संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने लोगों से आशीर्वाद और सेवा का अवसर देने की अपील करते हुए आयोजन समिति को आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया।

वहीं झारखंड भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के गढ़वा जिला अध्यक्ष लक्ष्मण राम ने भी छठ घाट पहुंचकर दर्शन किया और आयोजन की सराहना की। उन्होंने विंढमगंज से अपने विशेष लगाव का जिक्र करते हुए यहां के लोगों के स्नेह और अपनापन की प्रशंसा की। इसके अलावा समाजवादी पार्टी के नीरेंद्र सिंह गोंड, जुबेर आलम सहित कई गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही।

कार्यक्रम में दुद्धी क्षेत्राधिकारी विनय प्रभाकर साहनी एवं आईपीएस ऋषभ रुणवाल, अपर पुलिस अधीक्षक सोनभद्र भी पहुंचे। आयोजन समिति की ओर से दोनों पुलिस अधिकारियों को स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने घाट पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान विंढमगंज थाना प्रभारी रविकांत मिश्रा अपनी पुलिस टीम के साथ मुस्तैद रहे।

कार्यक्रम के अंत में सन क्लब सोसायटी के अध्यक्ष शिवम मद्धेशिया एवं आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। देर तक चले इस आयोजन में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। भव्य महाआरती, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और बेहतर व्यवस्था के बीच सतत् वाहिनी छठ घाट पर छठ महापर्व की रौनक देखते ही बन रही थी।

Om prakash Rawat
Author: Om prakash Rawat

📰 पत्रकार | सामाजिक कार्यकर्ता 📍 विंढमगंज, सोनभद्र, उत्तर प्रदेश ✍️ स्थानीय खबरों की आवाज़ 🤝 समाजहित एवं जनसमस्याओं के लिए हमेशा तत्पर 🏡 गांव, गरीब और आम जनता की बात 📢 सच, निष्पक्षता और जनसेवा मेरा संकल्प

error: Content is protected !!