(दुद्धी सोनभद्र रिपोर्ट नितेश कुमार)विंढमगंज/सोनभद्र। विंढमगंज रेलवे स्टेशन परिसर में भगवान विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। रेलवे कर्मचारियों ने भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा स्थापित कर पूरे विधि-विधान एवं श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना की। इस दौरान पूरा रेलवे परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।
कार्यक्रम आयोजन समिति के अध्यक्ष विजय कुमार सिंहा,PWI के नेतृत्व में पूजा कार्यक्रम संपन्न हुआ। आयोजन को सफल बनाने में काशीराम, संतोष कुमार, पंकज कुमार, कपिल कुमार, कुलदेव पासवान, सुबोध कांत सिंह, बाबू दिवाकर कुमार, विश्वनाथ पासवान सहित रेलवे के अन्य कर्मचारी सक्रिय रूप से जुटे रहे।
पूजा-अर्चना के दौरान श्रद्धालुओं एवं रेलवे कर्मचारियों ने भगवान विश्वकर्मा के जयकारे लगाए, जिससे पूरा स्टेशन परिसर गूंज उठा। पूजा के बाद लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला और कई लोग भक्ति एवं उमंग में नाचते-झूमते नजर आए।
आयोजन के दौरान रेलवे कर्मचारियों ने भगवान विश्वकर्मा से रेलवे परिवार एवं क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। पूरे कार्यक्रम में श्रद्धा, उत्साह और आपसी भाईचारे का माहौल देखने को मिला।











