विंढमगंज। क्षेत्र के ग्राम बुटबेढ़वा निवासी श्रीमती सुषमा केसरी की पुत्री प्रियांजल केसरी ने आईटी सेक्टर में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए क्षेत्र का नाम रोशन किया है। नोएडा-दिल्ली के दशरथपुरी स्थित TATA STRIVE की शाखा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रियांजल केसरी ने आईटी सेक्टर से जुड़े AWS क्लाउड के विभिन्न प्रोजेक्ट्स प्रस्तुत किए।
प्रियांजल द्वारा प्रस्तुत किए गए प्रोजेक्ट्स और तकनीकी जानकारी को कार्यक्रम में मौजूद आईटी क्षेत्र के विशेषज्ञों ने गंभीरता से देखा और उनकी प्रतिभा की सराहना की। इस अवसर पर फ्रांस से आए आईटी सेक्टर से जुड़े प्रतिनिधियों ने प्रियांजल केसरी को उनकी बेहतर प्रस्तुति और तकनीकी समझ के लिए डायरी एवं पेन देकर सम्मानित किया।
सम्मान मिलने के बाद प्रियांजल केसरी ने कहा कि तकनीकी क्षेत्र में लगातार नई चीजें सीखना और अपने ज्ञान को व्यावहारिक रूप से प्रस्तुत करना ही सफलता की कुंजी है। उनके सम्मानित होने की जानकारी मिलते ही परिजनों, शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई।
स्थानीय लोगों ने प्रियांजल की उपलब्धि को क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उनकी इस उपलब्धि से बुतबेढवा और विंढमगंज क्षेत्र का गौरव बढ़ा है।











