भजन-कीर्तन व सोहर गीतों से भक्तिमय हुआ मंदिर परिसर, श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया भंडारे का प्रसाद
विंढमगंज। थाना क्षेत्र में स्थित मां काली मंदिर परिसर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के उपरांत मंगलवार को भगवान श्रीकृष्ण की छठी का कार्यक्रम श्रद्धा एवं उत्साह के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम को लेकर शाम से ही मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में महिलाओं सहित श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी।

महिलाओं ने सामूहिक रूप से भजन-कीर्तन एवं सोहर गीत प्रस्तुत किए, जिससे पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान श्रीकृष्ण से सुख-समृद्धि एवं क्षेत्र की खुशहाली की कामना की।
पूजा-अर्चना के बाद मंदिर परिसर में भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम में मंदिर के पुजारी राजीव रंजन तिवारी के साथ राजेश तिवारी, मनोज तिवारी, रविशंकर जायसवाल, सियाराम गुप्ता, जिद्दीलाल, पप्पू जायसवाल, सुषमा केशरी, राधा रानी सहित सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे। आयोजन को सफल बनाने में श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों ने सक्रिय सहयोग किया।











