विंढमगंज। भाई-बहन के अटूट प्रेम, स्नेह और विश्वास का प्रतीक रक्षाबंधन पर्व विंढमगंज क्षेत्र में पूरे उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। पर्व को लेकर सुबह से ही क्षेत्र के गांवों और बाजारों में चहल-पहल देखने को मिली। बहनें सज-संवरकर पूजा की थाली लेकर अपने भाइयों के घर पहुंचीं और शुभ मुहूर्त में भाई की आरती उतारकर माथे पर तिलक लगाया।

बहनों ने भाई को मिष्ठान खिलाकर उसकी कलाई पर रंग-बिरंगी राखी बांधी तथा भाई की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना की। वहीं भाइयों ने भी बहनों को उपहार एवं मिठाई भेंट करते हुए जीवनभर उनकी रक्षा करने का संकल्प लिया। कई घरों में बहनों ने पारंपरिक तरीके से दीप जलाकर पूजा-अर्चना की और भाई-बहन ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया।

रक्षाबंधन को लेकर बाजारों में भी विशेष रौनक देखने को मिली। राखी, मिठाई, फल और पूजा सामग्री की दुकानों पर दिनभर लोगों की आवाजाही बनी रही। रंग-बिरंगी और आकर्षक राखियों ने बच्चों से लेकर महिलाओं तक का ध्यान आकर्षित किया। मिठाई की दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ रही।दूर-दराज में रहने वाली कई बहनें अपने मायके पहुंचीं, जबकि भाई भी बहनों से राखी बंधवाने के लिए घर पहुंचे। इससे परिवारों में लंबे समय बाद मिलन का खुशनुमा माहौल देखने को मिला। बच्चों में रक्षाबंधन को लेकर खासा उत्साह रहा और उन्होंने अपनी पसंद की राखियां खरीदकर एक-दूसरे की कलाई पर बांधीं।क्षेत्र के लोगों ने एक-दूसरे को रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं दीं। पूरे दिन घर-घर में भाई-बहन के प्रेम और स्नेह की तस्वीर देखने को मिली। पर्व ने परिवारों को एक साथ जोड़ने के साथ ही आपसी प्रेम, भाईचारे और रिश्तों की मजबूती का संदेश दिया।











