विंढमगंज, सोनभद्र। संतान की सुख-समृद्धि, दीर्घायु और मंगलकामना के लिए मनाए जाने वाले जितिया पर्व पर शनिवार, 03 अक्टूबर 2026 को माँ काली मंदिर परिसर में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। शाम करीब 5 बजे से ही जितिया व्रत रखने वाली महिलाओं का मंदिर परिसर में पहुंचना शुरू हो गया। देखते ही देखते मंदिर परिसर हजारों श्रद्धालु महिलाओं से भर गया।
शाम करीब 7:30 बजे पूजा-अर्चना का समय बताया गया। इस दौरान व्रती महिलाओं ने विधि-विधान एवं श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना कर अपने बच्चों की सुख-समृद्धि और दीर्घायु की कामना की। हजारों महिलाओं की मौजूदगी से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा।
माँ काली मंदिर के पुजारी राजू रंजन तिवारी उर्फ बबलू तिवारी ने बताया कि जितिया व्रत रखने वाली महिलाओं के पारण का समय रविवार सुबह करीब 7:30 बजे निर्धारित है।
जितिया पर्व में विंढमगंज मुख्य बाजार के साथ बुटबेढ़वा, मुड़ीसेमर, सलैयाडीह, धरतीडोलवा सहित आसपास के गांवों की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शाम से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही।
जितिया पर्व को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। पूजा-अर्चना के दौरान माँ काली मंदिर परिसर पूरी तरह भक्ति और आस्था में डूबा नजर आया। हजारों व्रती महिलाओं के पहुंचने से इस धार्मिक पर्व की भव्यता देखते ही बन रही थी।












