विंढमगंज, सोनभद्र। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विंढमगंज क्षेत्र में शनिवार को देशभक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। सुबह 8 बजे विंढमगंज थाना परिसर में ध्वजारोहण किया गया। इसके बाद क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में भी तिरंगा फहराकर स्वतंत्रता दिवस समारोह मनाया गया।वहीं भारती इंटरमीडिएट कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने भव्य प्रभातफेरी निकाली। प्रभातफेरी में बड़ी संख्या में विद्यार्थी शामिल हुए। करीब एक किलोमीटर तक बच्चों की कतार सड़क पर दिखाई दी, जिससे पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। छात्र-छात्राएं देशभक्ति के नारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे।

इसी क्रम में कंपोजिट विद्यालय बुटवेढवा, सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, रामजी पब्लिक स्कूल एवं बंशीधर सिटी पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं ने भी प्रभातफेरी निकाली। विभिन्न विद्यालयों की प्रभातफेरी के दौरान सड़क पर बच्चों की लंबी-लंबी कतारें दिखाई दीं। बच्चों के हाथों में तिरंगा और देशभक्ति नारों से वातावरण गूंजता रहा।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर क्षेत्र के सभी विद्यालयों में सांस्कृतिक कार्यक्रम, देशभक्ति गीत, भाषण एवं अन्य प्रस्तुतियां आयोजित की गईं। छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों को याद किया और देश की एकता एवं अखंडता का संदेश दिया।
पूरे विंढमगंज क्षेत्र में सुबह से ही उत्सव जैसा माहौल रहा। विद्यालयों के कार्यक्रमों में शिक्षक, अभिभावक और स्थानीय लोग भी उत्साहपूर्वक शामिल हुए।










