एनसीसी इकाई के कैडेट्स द्वारा भव्य “तिरंगा यात्रा” का किया गया आयोजन
सोनभद्र ब्यूरो चीफ दिनेश उपाध्याय-(ओबरा/सोनभद्र/उत्तर प्रदेश)–डिजिटल भारत न्यूज 24×7 LIVE
ओबरा/सोनभद्र।आज दिनांक 13 अगस्त 2026 को हर घर तिरंगा अभियान-2026 के अंतर्गत राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, ओबरा, सोनभद्र की एनसीसी इकाई के कैडेट्स द्वारा भव्य “तिरंगा यात्रा” का आयोजन किया गया। यात्रा का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान तथा स्वतंत्रता संग्राम के गौरवशाली इतिहास के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना था। कार्यक्रम के अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफ़ेसर प्रमोद कुमार ने एनसीसी कैडेट्स को भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के गौरवशाली इतिहास से अवगत कराया। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे को देश की आन, बान और शान बताते हुए कहा कि राष्ट्र की स्वतंत्रता के लिए असंख्य स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने अपने प्राणों की आहुति दी। उन्होंने “वंदे मातरम्” के ऐतिहासिक एवं राष्ट्रीय महत्व पर भी प्रकाश डाला तथा विद्यार्थियों को राष्ट्र के प्रति समर्पण एवं जिम्मेदारी की भावना से कार्य करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के परीक्षा प्रभारी डॉ उपेंद्र कुमार ने स्वतंत्रता संग्राम में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले देशभक्तों को स्मरण करते हुए कहा कि देश की स्वतंत्रता हमें असंख्य वीरों के त्याग, संघर्ष और बलिदान से प्राप्त हुई है।

उन्होंने विद्यार्थियों से देश की एकता, अखंडता एवं राष्ट्रहित के प्रति सदैव जागरूक रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम का नेतृत्व महाविद्यालय के एनसीसी प्रभारी डॉ. योगेंद्र लाल वर्मा ने किया। तिरंगा यात्रा के दौरान NCC कैडेट्स ने देशभक्ति से ओत-प्रोत नारे लगाए तथा नारों के माध्यम से आमजन को राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता एवं देश के प्रति अपने कर्तव्यों के लिए प्रेरित किया। कैडेट्स द्वारा “वंदे मातरम्” का सामूहिक गायन भी किया गया, जिससे पूरा वातावरण देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत हो गया। तिरंगा यात्रा के माध्यम से एनसीसी कैडेट्स ने हर घर तिरंगा अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुँचाया तथा प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्रप्रेम एवं राष्ट्रीय एकता की भावना से जुड़ने का संदेश दिया। यात्रा के दौरान कैडेट्स ने लोगों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्र के प्रति सम्मान व्यक्त करने के लिए भी प्रेरित किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकगण डॉ. सुभाष राम, डॉ. मीरा यादव, डॉ. प्रेम सुंदरी, डॉ. विनोद बहादुर सिंह, डॉ. आलोक यादव, डॉ. वैशाली शुक्ला, डॉ. अंजलि मिश्रा एवं डॉ. संघमित्रा सहित महाविद्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। सभी ने तिरंगा यात्रा में सहभागिता करते हुए एनसीसी कैडेट्स का उत्साहवर्धन किया तथा राष्ट्रप्रेम एवं राष्ट्रीय एकता के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने में सहयोग प्रदान किया।










