सीएचसी दुद्धी में दवाओं के स्टॉक की जांच, अमवार पीएचसी में जल्द होगी चिकित्सकों की तैनाती
दुद्धी (सोनभद्र)जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रमेश कुमार मिश्रा ने शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी का औचक निरीक्षण किया। सीएमओ के अचानक पहुंचने से अस्पताल परिसर में स्वास्थ्य कर्मियों में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ओपीडी, चिकित्सकों के कक्ष, दवा वितरण केंद्र समेत विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

सीएमओ ने सबसे पहले चिकित्सकों के कक्षों में पहुंचकर ओपीडी में मरीजों को लिखी जा रही दवाओं के पर्चों की जांच की। उन्होंने चिकित्सकों को स्पष्ट निर्देश दिया कि अस्पताल में उपलब्ध सरकारी दवाएं ही मरीजों को लिखी जाएं। मरीजों को बाहर से दवा खरीदने के लिए मजबूर किए जाने की शिकायत मिलने पर संबंधित चिकित्सक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
इसके बाद सीएमओ दवा वितरण केंद्र पहुंचे और फार्मासिस्ट रामसागर मौर्या से दवाओं की उपलब्धता तथा जीवनरक्षक दवाओं के स्टॉक की जानकारी ली। उन्होंने स्टॉक रजिस्टर का मौके पर मिलान करते हुए निर्देश दिया कि अस्पताल में आवश्यक दवाओं की उपलब्धता हर हाल में सुनिश्चित की जाए, ताकि मरीजों को बाहर से दवा न खरीदनी पड़े।
सीएमओ ने अमवार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों की कमी का भी संज्ञान लिया। उन्होंने बताया कि अमवार पीएचसी में चिकित्सकों की कमी जल्द दूर की जाएगी और शीघ्र ही नए चिकित्सकों की तैनाती की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में खराब पड़े वाटर कूलर को देखकर सीएमओ ने नाराजगी जताई। मरीजों और तीमारदारों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उन्होंने मौके से ही संबंधित सप्लायर को फोन कर वाटर कूलर तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सीएचसी अधीक्षक डॉ. वरुणानिधि, सभासद सुमित सोनी, बीपीएम संदीप सिंह, डॉ. गौरव सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।











