विंढमगंज। स्थानीय क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी के विंढमगंज मंडल उपाध्यक्ष श्री रवि आर. जायसवाल के मकान में स्थित दुकान में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना में दुकान में रखा सामान और अन्य संपत्ति जलकर खाक हो गई, जिससे लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुकान से अचानक धुआं निकलता दिखाई दिया। आसपास के लोगों को जब दुकान में आग लगने की जानकारी हुई तो ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंच गए। दुकान में ताला लगा होने के कारण लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत ताला तोड़ा और आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया।
बताया गया कि दुकान का ताला तोड़ने के बाद अंदर कूलर में आग लगी हुई दिखाई दी। आशंका जताई जा रही है कि कूलर में शॉर्ट सर्किट या किसी तकनीकी खराबी के कारण आग लगी होगी। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारण की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए पानी डालकर आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से आसपास के अन्य मकानों और दुकानों तक आग फैलने से बच गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो बड़ी अनहोनी हो सकती थी। घटना के बाद मौके पर काफी संख्या में लोग जुट गए।










