स्वास्थ्य शिविर में 142 मरीजों की जांच, फलदार पौधों का वितरण; विशाल भंडारे में सैकड़ों लोगों ने ग्रहण किया प्रसाद
सगमा/गढ़वा। प्रखंड के मकरी गांव स्थित सर्वेश्वरी समूह आश्रम में समूह का स्थापना दिवस धूमधाम के साथ मनाया गया। दो दिवसीय कार्यक्रम के दौरान धार्मिक अनुष्ठान के साथ सामाजिक सरोकार से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।कार्यक्रम के तहत श्री बंशीधर रेफरल अस्पताल की ओर से स्वास्थ्य शिविर लगाया गया, जिसमें चिकित्सकों ने 142 मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराईं। वहीं आश्रम के व्यवस्थापक सह उपाध्यक्ष बिहारी राम एवं मंत्री रमेश यादव ने संयुक्त रूप से लोगों के बीच फलदार पौधों का वितरण किया।इस संबंध में आश्रम के व्यवस्थापक सह उपाध्यक्ष बिहारी राम ने बताया कि 1961 में अघोरेश्वर भगवान राम द्वारा वाराणसी के पड़ाव में सर्वेश्वरी समूह की स्थापना की गई थी। वर्तमान में देश-विदेश में समूह के अनेक आश्रम संचालित हैं, जहां जरूरतमंद लोगों को उपचार एवं सेवा प्रदान करने के साथ विभिन्न सामाजिक सेवा कार्यक्रम चलाए जाते हैं। इसी क्रम में प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी स्थापना दिवस का आयोजन किया गया।

स्वास्थ्य शिविर में डॉ. अविनाश कुमार, डॉ. अभय कुमार, एएनएम सोना देवी एवं डिंपल देवी सहित स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।इस अवसर पर भाजपा नेता राजेश जायसवाल, पत्रकार ओम प्रकाश रावत, धीरज जायसवाल, बबलू मौर्य, संतोष जायसवाल, योगेंद्र बैठा, राजीव रंजन गुप्ता, लक्ष्मण जायसवाल, पत्रकार श्याम बचान यादव, यशवंत प्रसाद गुप्ता एवं अजय प्रसाद सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।











