विंढमगंज/सोनभद्र। विंढमगंज थाना क्षेत्र के धूमा टोला छतवा निवासी जितेंद्र कुमार ने क्षेत्रीय ग्रामीणों की ओर से सुखड़ा लामी घुटरा से धूमा टोला छतवा तक जंगल क्षेत्र से होकर जाने वाले मार्ग को पक्की सड़क में तब्दील किए जाने की मांग को लेकर संबंधित अधिकारियों को प्रार्थना पत्र सौंपा है।

प्रार्थना पत्र में बताया गया है कि यह क्षेत्र आदिवासी बहुल एवं अत्यंत पिछड़ा है तथा झारखंड राज्य की सीमा से सटा हुआ है। ग्रामीणों के आवागमन, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, रोजगार और दैनिक आवश्यकताओं के लिए उक्त मार्ग महत्वपूर्ण है। वर्तमान में मार्ग पक्का न होने के कारण विशेषकर बरसात के दिनों में आवागमन में काफी परेशानी होती है।

ग्रामीणों के अनुसार मार्ग खराब होने से बीमार व्यक्तियों, गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और विद्यार्थियों को सबसे अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। पक्की सड़क बनने से क्षेत्र के विभिन्न गांवों व टोलों के लोगों को मुख्य मार्ग तथा सरकारी सुविधाओं तक पहुंचने में सुविधा होगी।
ग्रामीणों ने प्रशासन से सुखड़ा-लामी घुटरा से धूमा टोला छतवा तक पक्की सड़क निर्माण कराए जाने की मांग की है।











