नोमी कुमारी के योगदान से विद्यालय परिवार एवं ग्रामीणों में खुशी, बालिका शिक्षा को मिलेगा नया प्रोत्साहन
वरिष्ठ संवाददाता – श्रीकांत चौबे
सगमा (गढ़वा)। धुरकी प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय, खुटिया में पहली बार किसी महिला सहायक आचार्य की पदस्थापना हुई है। शुक्रवार को नोमी कुमारी ने इंटरमीडिएट प्रशिक्षित सहायक आचार्य (कक्षा 1 से 5) के पद पर विद्यालय में अपना योगदान देकर कार्यभार ग्रहण किया।

जानकारी के अनुसार, नोमी कुमारी का चयन झारखंड सरकार की नियुक्ति प्रक्रिया के तहत इंटरमीडिएट प्रशिक्षित सहायक आचार्य पद पर हुआ है। नियुक्ति पत्र प्राप्त होने के बाद उन्होंने सर्वप्रथम जिला शिक्षा अधीक्षक, गढ़वा कार्यालय में योगदान दिया। इसके उपरांत जिला शिक्षा अधीक्षक के आदेशानुसार उनकी पदस्थापना उत्क्रमित मध्य विद्यालय, खुटिया में की गई।
राजकीय अवकाश के कारण निर्धारित तिथि पर विद्यालय में योगदान संभव नहीं हो सका। इसके बाद शुक्रवार, 17 जुलाई 2026 को उन्होंने विद्यालय पहुँचकर विधिवत अपना कार्यभार ग्रहण किया।
विद्यालय में पहली महिला शिक्षिका के रूप में उनकी नियुक्ति से विद्यालय परिवार एवं स्थानीय ग्रामीणों में हर्ष का माहौल है। लोगों का कहना है कि महिला शिक्षिका के आगमन से विशेष रूप से बालिकाओं को बेहतर मार्गदर्शन मिलेगा तथा विद्यालय का शैक्षणिक वातावरण और अधिक सुदृढ़ होगा। विद्यालय परिवार ने उनका स्वागत करते हुए उनके सफल एवं उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएँ दी हैं।

