विंढमगंज (सोनभद्र)। विंढमगंज में शनिवार को श्री श्याम परिवार के तत्वावधान में 14वें विशाल श्याम महोत्सव एवं रात्रि जागरण का भव्य आयोजन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। बाबा श्याम के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। कार्यक्रम में विंढमगंज सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर बाबा श्याम के दरबार में मत्था टेका।



कार्यक्रम का शुभारंभ शाम 4 बजे काली मंदिर से निकाली गई भव्य निशान यात्रा के साथ हुआ। निशान यात्रा कल्याण मंडप पहुंचकर संपन्न हुई। इसमें बड़ी संख्या में श्याम भक्त हाथों में बाबा का पावन निशान लेकर भक्ति गीतों और जयकारों के साथ शामिल हुए।
इसके बाद शाम 7 बजे कल्याण मंडप में विशाल श्याम जागरण एवं भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। इस दौरान बाबा श्याम का भव्य दरबार ताजे फूलों से सजाया गया था। आकर्षक पुष्प सज्जा से वेदी की सुंदरता देखते ही बन रही थी। रंग-बिरंगी रोशनी और मनमोहक सजावट ने पूरे दरबार को अलौकिक स्वरूप प्रदान किया, जिसे देखकर श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो गए।
भजन गायकों ने एक से बढ़कर एक भक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। प्रकाश मिश्रा, श्वेता अग्रवाल, संजना सांवरिया, आदर्श म्यूजिकल ग्रुप एवं कृष्ण कांत शर्मा ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। वहीं सूरजगढ़ दरबार के श्री ओम प्रकाश जी इन्दौरिया का पावन सानिध्य प्राप्त हुआ। देर रात तक श्रद्धालु भजनों पर झूमते रहे और बाबा श्याम के जयकारे लगाते रहे।
इस अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए भव्य भंडारे एवं महाप्रसाद की व्यवस्था भी की गई थी, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।
आयोजन को सफल बनाने में संजीव उर्फ लट्टू अग्रहरि, नंदलाल केसरी, पप्पू गुप्ता, नंदू विश्वकर्मा, रूपेश केसरी, अविनाश अग्रवाल, किसलय उर्फ गोलू, सुनील कुमार सन्नी, उदय जायसवाल, बालाजी केसरी, मन्नू केसरी, ऋषिकेश जायसवाल एवं संजय अग्रवाल सहित श्री श्याम परिवार के सदस्यों और सहयोगियों का सराहनीय योगदान रहा।
आयोजक मंडल ने कार्यक्रम में शामिल हुए सभी श्रद्धालुओं एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।












