विंढमगंज (सोनभद्र)। सतत वाहिनी नदी के तट पर भारती इंटरमीडिएट कॉलेज के खेल मैदान से सटे ऐतिहासिक छठ घाट पर देव दीपावली का पर्व बड़े ही धूमधाम और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। केसरी समाज की ओर से आयोजित इस भव्य आयोजन में 10,551 दीपों की रोशनी से पूरा छठ घाट जगमगा उठा। इस अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया।

संध्या होते ही घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने उत्साहपूर्वक दीप प्रज्वलित कर नदी तट को दीपों की माला से सजा दिया। हजारों दीपों के एक साथ जलने से पूरा घाट स्वर्णिम रोशनी से नहा उठा। नदी के जल में दीपों की झिलमिलाती परछाइयों ने मनोरम दृश्य प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ हुई। पूजा में अमित कुमार केसरी, राकेश केसरी, आकाश केसरी, अशोक जायसवाल एवं मंगेश केसरी सपत्नीक शामिल हुए। पंडित बबलू तिवारी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा संपन्न कराई। इसके बाद केसरी समाज के सदस्यों एवं श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
दीपदान के साथ ही विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं के बीच पूड़ी-सब्जी, बूंदी एवं प्रसाद का वितरण किया गया। आयोजन को सफल बनाने के लिए केसरी समाज के कार्यकर्ता सुबह से ही व्यवस्थाओं में जुटे रहे।इस आयोजन में भास्कर केसरी, राहुल केसरी सहित केसरी समाज के अन्य सदस्यों एवं स्थानीय लोगों का सहयोग रहा।












