August 16, 2026 3:45 pm

Written By

Share करें

✓ Link copy हो गया!

सम्बंधित जानकारी

बाउंड्री फांदकर ग्राम प्रधान के घर चोरी, परिवार में दहशत दो गुल्लकों में रखे करीब 50 हजार रुपये समेत घरेलू सामान ले उड़े चोर, घर के बाहर टूटे मिले गुल्लक

(दुद्धी सोनभद्र रिपोर्ट नितेश कुमार)

महुली, सोनभद्र। विंढमगंज थाना क्षेत्र के जोरूखाड़ गांव में ग्राम प्रधान विमल यादव के घर शुक्रवार 14 अगस्त की देर रात अज्ञात चोरों ने बाउंड्री फांदकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर में रखे दो गुल्लकों में जमा करीब 50 हजार रुपये नकद समेत टॉर्च, चप्पल, सब्बल, कुल्हाड़ी, पंखा और छाता आदि सामान लेकर फरार हो गए। घटना के बाद से ग्राम प्रधान का परिवार दहशत में है।

ग्राम प्रधान विमल यादव ने बताया कि रोज की तरह शुक्रवार रात करीब 11 बजे परिवार के साथ खाना खाने के बाद सभी लोग सो गए। शनिवार की भोर करीब तीन बजे जब उनकी नींद खुली तो घर के पीछे बाउंड्री का गेट, अंदर का गेट, दरवाजा और दोनों अलमारियों के दरवाजे खुले मिले। घर का सामान अस्त-व्यस्त देखकर परिवार के लोग अवाक रह गए।

जांच करने पर अलमारी में रखे दो गुल्लक गायब मिले। दोनों गुल्लकों में करीब 25-25 हजार रुपये यानी लगभग 50 हजार रुपये नकद रखे थे। इसके अलावा दो नई टॉर्च, दो जोड़ी चप्पल, एक सब्बल, एक कुल्हाड़ी, पंखा और छाता भी गायब मिला। सुबह आसपास तलाश करने पर छाता बाउंड्री के पास, जबकि पंखा करीब सौ मीटर दूर नाली में पड़ा मिला। दोनों गुल्लक घर के बाहर टूटे हुए मिले, जिससे आशंका है कि चोरों ने गुल्लक तोड़कर नकदी निकाल ली और उन्हें वहीं फेंक दिया।

बेहोशी का स्प्रे छिड़कने की आशंका

ग्राम प्रधान ने आशंका जताई कि चोरों ने घर में प्रवेश करने से पहले किसी प्रकार का स्प्रे छिड़ककर परिवार को बेहोश किया होगा, क्योंकि इतनी बड़ी घटना के बावजूद घर में किसी को भनक तक नहीं लगी। हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस तथा विंढमगंज थाने के दरोगा सुनील राय मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए जल्द चोरों का पता लगाने का आश्वासन दिया है।

ग्राम प्रधान के साथ तीसरी बार हुई घटना

ग्राम प्रधान विमल यादव के अनुसार, यह उनके साथ चोरी या हमले की पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी दो घटनाएं हो चुकी हैं। वर्ष 2022 में दुद्धी-विंढमगंज मार्ग पर उनकी कार रोककर गोली मारने का प्रयास किया गया था। उस दौरान उन्होंने किसी तरह वाहन लेकर भागकर अपनी जान बचाई थी। इस मामले का मुकदमा अभी न्यायालय में विचाराधीन बताया गया है।

वहीं वर्ष 2024 में अज्ञात चोर घर का ताला तोड़कर अंदर घुस गए थे। उस समय ग्राम प्रधान की नींद खुल जाने पर चोर केवल मोबाइल लेकर फरार हुए थे। अब तीसरी घटना में चोरों ने पूरे घर को खंगाल दिया और परिवार को इसकी भनक तक नहीं लगी।

ग्राम प्रधान ने जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से मामले की गंभीरता से जांच कर चोरी का शीघ्र खुलासा करने तथा परिवार की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है।

Nitesh Kumar
Author: Nitesh Kumar

Nice

error: Content is protected !!