विंढमगंज (सोनभद्र)।कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर विंढमगंज थाना क्षेत्र स्थित राम-जानकी डिहवा बाबा मंदिर में मंगलवार सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। दर्शन-पूजन के लिए सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

इस दौरान पंडित नंदलाल तिवारी द्वारा धार्मिक कथा का आयोजन किया गया। मंदिर के पुजारी हृदयानंद दुबे ने बताया कि प्रत्येक वर्ष कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर दर्शन-पूजन करते हैं। कार्तिक पूर्णिमा को देव दीपावली और त्रिपुरारी पूर्णिमा के नाम से भी जाना जाता है। इस दिन पवित्र स्नान, दान, दीपदान तथा भगवान विष्णु और भगवान शिव की पूजा का विशेष महत्व है।

उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर के समीप स्थित भारती इंटरमीडिएट कॉलेज के खेल मैदान में 11 हजार दीपक जलाए जाएंगे। इसके साथ ही भव्य भंडारे का भी आयोजन किया गया है। धार्मिक आयोजन को सफल बनाने के लिए अमित केशरी एवं उनके सहयोगी पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ तैयारियों में जुटे हुए हैं। 11 हजार दीपों की रोशनी से पूरा क्षेत्र जगमगाएगा और भक्तिमय वातावरण बनेगा।












