सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक तहसील में धरना, डीएम को सौंपा ज्ञापन
दुद्धी, सोनभद्र। आठ सूत्रीय मांगों का अब तक समाधान नहीं होने से नाराज उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ की दुद्धी तहसील इकाई के लेखपालों ने शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का बहिष्कार कर तहसील परिसर में धरना दिया। लेखपाल सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक धरने पर बैठे रहे।

लेखपाल संघ का कहना है कि उनकी आठ सूत्रीय मांगों को लेकर लगातार अधिकारियों को अवगत कराया जा रहा है, लेकिन अभी तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से लेखपालों में आक्रोश है। इसी के विरोध में लेखपालों ने संपूर्ण समाधान दिवस का बहिष्कार करते हुए अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की।
धरने के बाद लेखपाल संघ के पदाधिकारियों ने संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता कर रहे जिलाधिकारी चर्चित गौड़ को ज्ञापन सौंपकर आठ सूत्रीय मांगों के शीघ्र निस्तारण की मांग की।
इस दौरान लेखपाल संघ दुद्धी के अध्यक्ष विनय कुमार गुप्ता, तहसील मंत्री लाल बाबू सरोज, संतोष यादव, अरुण कन्नौजिया, विमलेश कन्नौजिया, विशाल वर्मा समेत अन्य लेखपाल मौजूद रहे।











