सोनभद्र। इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय द्वारा संचालित संस्था कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के माध्यम से जनपद में हर घर तिरंगा अभियान के तीन दिवसीय कार्यक्रम की शुरुआत की गई। अभियान के तहत जिले के विभिन्न CSC केंद्रों पर राष्ट्रीय ध्वज वितरण सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

CSC के जिला प्रबंधक अभय कुमार गोंड ने बताया कि मंत्रालय के निर्देश के क्रम में जनपद के सभी CSC केंद्रों के माध्यम से तीन दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में लगभग 50 CSC केंद्रों एवं आधार सेवा केंद्रों के माध्यम से राष्ट्रीय ध्वज का वितरण किया गया, जिसमें लोगों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
जिला प्रबंधक अभय कुमार गोंड ने बताया कि 15 अगस्त को ध्वजारोहण के साथ सरकारी सेवाओं के संचालन में उत्कृष्ट योगदान देने वाले CSC संचालकों को सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जनपद में 2,000 से अधिक जनसेवा केंद्र संचालित हैं। इन केंद्रों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल सेवाओं का विस्तार हुआ है। अब लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने, बैंकिंग, आधार सहित विभिन्न सेवाओं के लिए शहरों का चक्कर नहीं लगाना पड़ता है। ग्रामीण स्तर पर ही लोगों को अनेक सरकारी एवं डिजिटल सेवाओं का लाभ मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि इस बार जनपद की पंचायतों में स्वतंत्रता दिवस के महोत्सव को भव्य एवं शानदार तरीके से मनाया जाएगा। हर घर तिरंगा अभियान के माध्यम से लोगों में राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत किया जा रहा है।










