सायरन बजते ही अलर्ट हुईं बचाव टीमें
– क्लोरीन गैस रिसाव पर मेगा मॉक ड्रिल में 200 कर्मियों ने लिया हिस्सा
सोनभद्र ब्यूरो चीफ दिनेश उपाध्याय-(ओबरा/सोनभद्र/उत्तर प्रदेश)–डिजिटल भारत न्यूज 24×7 LIVE
ओबरा/सोनभद्र।औद्योगिक दुर्घटनाओं और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के उद्देश्य से शुक्रवार को ओबरा तापीय परियोजना परिसर में क्लोरीन गैस रिसाव पर आधारित मेगा मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। दोपहर करीब 12:30 बजे आयोजित इस अभ्यास में सीआईएसएफ, एनडीआरएफ सहित विभिन्न सुरक्षा, बचाव एवं चिकित्सा एजेंसियों के लगभग 200 कर्मियों ने हिस्सा लिया।मॉक ड्रिल का नेतृत्व सीआईएसएफ कमांडेंट सतीश कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी प्रभात राय, एनडीआरएफ के डिप्टी कमांडेंट रवि सिंह तथा परियोजना के अधीक्षण अभियंता संजय पांडेय ने संयुक्त रूप से किया।अभ्यास के दौरान आपातकालीन सायरन बजते ही सभी संबंधित टीमें सक्रिय हो गईं। निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के तहत क्लोरीन गैस रिसाव वाले क्षेत्र की घेराबंदी, रिसाव पर नियंत्रण, प्रभावित लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने तथा घायलों को प्राथमिक उपचार देकर तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने का अभ्यास किया गया।




मॉक ड्रिल में सीआईएसएफ,प्लांट के अधिकारी-कर्मचारी,एनडीआरएफ, मेडिकल टीम, सुरक्षा विभाग,स्थानीय पुलिस तथा श्रमिकों ने सक्रिय भागीदारी की।अभ्यास के समापन पर अधिकारियों ने सभी एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल, त्वरित कार्रवाई और आपातकालीन प्रतिक्रिया की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के संयुक्त अभ्यास से वास्तविक दुर्घटना के समय राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी बनाने और जान-माल के नुकसान को न्यूनतम करने में मदद मिलती है।












