विंढमगंज (सोनभद्र)। सन क्लब सोसायटी विंढमगंज द्वारा आयोजित छठ महापर्व को लेकर सतत् वाहिनी नदी छठ घाट एवं भारती इंटरमीडिएट कॉलेज के खेल मैदान में भक्तिमय माहौल बना हुआ है। शनिवार को व्रती महिलाओं ने पूरे विधि-विधान से खरना पूजन किया। महिलाओं ने गुड़ और दूध से खीर सहित विभिन्न प्रकार के पकवान तैयार कर भगवान सूर्य को भोग लगाया और प्रसाद ग्रहण किया। इसके साथ ही 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हो गया।


कार्यक्रम के तहत छठ घाट पर बने भव्य मंच से सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति हुई, जिसका श्रद्धालुओं ने आनंद उठाया। व्रती महिलाएं अपने-अपने निर्धारित स्थानों पर बैठकर छठी मइया की पूजा-अर्चना में जुटी रहीं।
रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। इसे लेकर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। सन क्लब सोसायटी की ओर से आयोजित मेले में झूला, जंपिंग, रेलगाड़ी सहित मनोरंजन के कई साधन उपलब्ध हैं। वहीं चाट, चाउमीन सहित विभिन्न खानपान की दुकानें भी आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। पूरे क्षेत्र में छठी मइया के गीतों और भक्ति के माहौल से उत्सव की रौनक देखते ही बन रही है।












