विंढमगंज (सोनभद्र)। स्थानीय थाना क्षेत्र विंढमगंज में Jio, Airtel और BSNL की खराब मोबाइल नेटवर्क सेवाओं से उपभोक्ता परेशान हैं। बार-बार कॉल ड्रॉप, बातचीत के दौरान आवाज कटने और इंटरनेट की धीमी गति से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में नेटवर्क की समस्या गंभीर बनी हुई है।क्षेत्रवासियों का कहना है कि मोबाइल रिचार्ज कराने के बावजूद उन्हें बेहतर नेटवर्क और इंटरनेट सेवा का लाभ नहीं मिल रहा है। विंढमगंज बाजार क्षेत्र में भी कॉलिंग और इंटरनेट सेवा रुक-रुककर चल रही है, जबकि रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, धरतीडोलवा, सलैयाडीह, मुड़ीसेमर, हरनाकछार सहित दर्जनों गांवों में नेटवर्क की स्थिति बेहद खराब बताई जा रही है।
नेटवर्क की समस्या का असर विद्यार्थियों की ऑनलाइन पढ़ाई, व्यापारिक गतिविधियों, डिजिटल भुगतान और जरूरी बातचीत पर पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि आपात स्थिति में फोन न लगना या बातचीत के बीच कॉल कट जाना परेशानी का कारण बन रहा है।शिकायत के बाद भी नहीं हो रहा सुधार ग्रामीण ओम कुमार, संजय कुमार, विनोद कुमार, जितेंद्र और पवन सहित अन्य लोगों ने बताया कि Jio, BSNL और अन्य संबंधित कंपनियों से शिकायत करने पर दो से तीन महीने में नेटवर्क व्यवस्था दुरुस्त होने का आश्वासन दिया जाता है। वहीं, BSNL के अधिकारियों से संपर्क करने पर भी जल्द सुधार का भरोसा मिलता है, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि जब कंपनियां रिचार्ज के नाम पर उपभोक्ताओं से पूरी राशि वसूल रही हैं, तो उन्हें गुणवत्तापूर्ण सेवा क्यों नहीं मिल रही है? नेटवर्क की बदहाली से आम लोगों को लगातार परेशानी झेलनी पड़ रही है, जबकि शिकायतों के बावजूद ठोस सुधार दिखाई नहीं दे रहा है।क्षेत्रवासियों ने जिलाधिकारी सोनभद्र, दूरसंचार विभाग, संबंधित अधिकारियों और भारत सरकार से मामले का संज्ञान लेने की मांग की है। उन्होंने क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क की वास्तविक स्थिति की जांच कराने, संबंधित कंपनियों की जवाबदेही तय करने और जल्द से जल्द सेवा में सुधार कराने की अपील की है।
ग्रामीणों का कहना है कि सरकार और दूरसंचार नियामक के निर्धारित मानकों के अनुरूप उपभोक्ताओं को बेहतर सेवा मिलनी चाहिए। यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल सेवाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने का उद्देश्य प्रभावित होता रहेगा।












