October 25, 2026 8:04 pm

Written By

Share करें

✓ Link copy हो गया!

सम्बंधित जानकारी

दुद्धी में धूमधाम से निकली कपुआं की माता की 19वीं त्रिदिवसीय आध्यात्मिक शोभायात्रा

मां मरियम के सम्मान में निकली शोभायात्रा, प्रार्थना सभा के साथ संपन्न हुआ धार्मिक आयोजन

दुद्धी (सोनभद्र)। दुद्धी रेलवे स्टेशन रोड स्थित कपुआं की माता चर्च में रविवार, 25 अक्टूबर को 19वें त्रिदिवसीय आध्यात्मिक सत्संग एवं शोभायात्रा समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने पूरे भक्तिभाव के साथ शोभायात्रा में भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन श्रद्धेय फादर आनंद जॉन एवं फादर जोसेफ ने किया, जबकि शोभायात्रा का नेतृत्व फादर टाइटस लाबो ने किया।

कपुआं की माता चर्च को दुद्धी क्षेत्र के रोमन कैथोलिक ईसाई समुदाय का प्रमुख तीर्थस्थल माना जाता है। यहां मां मरियम के प्रति आस्था रखने वाले श्रद्धालु विभिन्न स्थानों से पहुंचकर दर्शन-प्रार्थना करते हैं। मान्यता है कि मां मरियम अपने भक्तों की मनोकामनाएं पूरी करती हैं।

कार्यक्रम के तहत दोपहर करीब दो बजे मां मरियम की प्रतिमा को पालकी में सजाकर श्रद्धालुओं के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में लगभग 1200 तीर्थयात्रियों ने हिस्सा लिया। यात्रा कपुआं की माता चर्च से शुरू होकर रेलवे स्टेशन रोड, कलकली बहरा, नगर क्षेत्र एवं बस स्टेशन सहित विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए पुनः चर्च परिसर पहुंचकर संपन्न हुई।

इसके बाद इलाहाबाद धर्मप्रांत के विशिष्ट अतिथि डॉ. लुईस मस्करेन्हस की उपस्थिति में प्रार्थना एवं पवित्र समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने क्षेत्र और समाज की सुख-शांति तथा समृद्धि के लिए प्रार्थना की। आयोजन के दौरान श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास का माहौल बना रहा।

आयोजकों ने बताया कि यह वार्षिक धार्मिक आयोजन श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक रूप से जोड़ने और आपसी प्रेम, सद्भाव तथा विश्वास को मजबूत करने का माध्यम है। चर्च में प्रत्येक बुधवार को भी मां मरियम के सम्मान में श्रद्धालु पूजा-अर्चना एवं प्रार्थना करते हैं।

शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा एवं व्यवस्था बनाए रखने में स्थानीय प्रशासन का सहयोग रहा। कार्यक्रम में फादर वलेरियन डिसूजा, फादर रेमंड, फादर एडवर्ड लाबो, फादर आनंद, फादर संतोष, फादर जेबी, फादर मिलन, फादर विलियम, फादर प्रभात सहित अन्य धर्मगुरु एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन, अधिवक्ता राहुल जी तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों और पत्रकारों ने भी सहभागिता की।कार्यक्रम के अंत में फादर टाइटस लाबो ने प्रशासन, पत्रकारों, बंधुओं, शुभचिंतकों एवं सभी तीर्थयात्रियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Ravi Kumar
Author: Ravi Kumar

दुद्धी/संवाद/ रवि सिंह/सोनभद्र

error: Content is protected !!