विंढमगंज (सोनभद्र)। इस्लामिया मिल्लत सोसायटी के अध्यक्ष पद के लिए रविवार को स्थानीय जामा मस्जिद परिसर में चुनाव कराया गया। स्थानीय प्रशासन की मौजूदगी में शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुए चुनाव में कुल 467 सदस्यों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतगणना के बाद सुहेल खान 274 मत प्राप्त कर सदर पद पर निर्वाचित घोषित किए गए। वहीं, खुर्शीद आलम को 100 और राहत हुसैन को 87 मत मिले, जबकि छह मत अवैध घोषित किए गए।

चुनाव प्रक्रिया को संपन्न कराने के लिए गठित छह सदस्यीय मुख्य चुनाव कमेटी में हाजी अली अकबर शाह, मकसूद आलम, उमर अहमद, अख्तर अंसारी, राजू खान और अल्ताफ खान शामिल रहे। वहीं, मतगणना कार्य में हाजी अली अकबर, मकसूद अंसारी, मोहम्मद अख्तर आलम खान, उमेर अहमद और असलम ने सहयोग किया।
सुहेल खान के निर्वाचित होने की घोषणा होते ही समर्थकों और सोसायटी के सदस्यों में खुशी की लहर दौड़ गई। शाहरुख खान, नातीक अली, डब्लू खान और आरफीन समेत सैकड़ों लोगों ने उन्हें बधाई दी। इस दौरान समर्थकों ने मिठाई खिलाकर अपनी खुशी का इजहार किया।
नवनिर्वाचित सदर सुहेल खान ने सभी मतदाताओं, सोसायटी के बुजुर्गों और स्थानीय प्रशासन के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि संस्था के विकास, शिक्षा को बढ़ावा देने और सामाजिक एकता को मजबूत करने के लिए सभी सदस्यों को साथ लेकर काम किया जाएगा। चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने पर उपस्थित लोगों ने संतोष व्यक्त किया।












