राम-जानकी मंदिर और मां काली शक्ति पीठ में आरती के बाद महाप्रसाद व भंडारे में उमड़े श्रद्धालु
विंढमगंज (सोनभद्र)। शारदीय नवरात्र के तीसरे दिन मंगलवार को विंढमगंज थाना क्षेत्र के राम-जानकी मंदिर और मां काली शक्ति पीठ मंदिर में मां दुर्गा के तीसरे स्वरूप मां चंद्रघंटा की पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान दोनों मंदिरों में आरती के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। माता के जयकारों से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा।

राम-जानकी मंदिर में नंदलाल तिवारी और श्रीश्री 108 वेद मोहन दास ब्रह्मचारी सहित श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से मां चंद्रघंटा की आरती की। आरती के बाद महाप्रसाद का वितरण किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
वहीं, मां काली शक्ति पीठ मंदिर में राजीव रंजन, मनोज तिवारी और राजू बाबा सहित भक्तों ने माता की आरती की। इसके बाद आयोजित भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। नवरात्र के अवसर पर दोनों मंदिरों में भक्तों की आस्था और उत्साह देखते ही बन रहा था।












