कोन/सोनभद्र। आगामी दुर्गा पूजा, दशहरा, रामलीला मंचन एवं दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर रविवार को कोन थाना परिसर में पुलिस ने बैठक आयोजित की। थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में हुई बैठक में ग्राम प्रधानों, व्यापार मंडल पदाधिकारियों तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।

बैठक में थाना प्रभारी ने आयोजकों एवं ग्राम प्रधानों से क्षेत्र में आयोजित होने वाले दुर्गा पूजा, रामलीला तथा प्रतिमा विसर्जन कार्यक्रमों की जानकारी ली। उन्होंने सभी आयोजकों से धार्मिक कार्यक्रमों को परंपरागत एवं निर्धारित नियमों के अनुसार आयोजित करने तथा पुलिस-प्रशासन के निर्देशों का पूरी तरह पालन करने की अपील की।
थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार का नया कार्यक्रम या नई परंपरा शुरू नहीं की जाएगी। आयोजकों से कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था प्रभावित न होने देने को कहा गया।
बिजली सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता
दुर्गा पूजा पंडालों में विद्युत सुरक्षा को लेकर भी विशेष निर्देश दिए गए। उन्होंने पंडालों में बिजली के तारों को व्यवस्थित रखने, खुले एवं कटे तारों से बचने तथा शॉर्ट सर्किट जैसी आकस्मिक घटनाओं से निपटने के लिए आवश्यक सुरक्षा इंतजाम पहले से सुनिश्चित करने को कहा।
रामलीला मंचन को भी शांतिपूर्ण एवं परंपरागत तरीके से कराने तथा आयोजन के दौरान भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने की अपील की गई।
विसर्जन जुलूस में डीजे को लेकर निर्देश
प्रतिमा विसर्जन के दौरान डीजे को लेकर भी पुलिस ने आयोजकों को स्पष्ट निर्देश दिए। डीजे को वाहन की बॉडी से ऊपर नहीं बांधने तथा निर्धारित ध्वनि सीमा के भीतर ही बजाने को कहा गया। विसर्जन जुलूस के दौरान अनुशासन बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए आयोजकों से पुलिस का सहयोग करने की अपील की गई।
थाना प्रभारी ने नवरात्र की धार्मिक मर्यादा एवं क्षेत्र में आपसी सौहार्द को ध्यान में रखते हुए लोगों से मांस-मदिरा के सेवन से बचने की भी अपील की।
उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा, दशहरा और रामलीला जैसे पर्व आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाए जाएं, यह पुलिस के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक और आयोजन समिति की भी जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने तथा किसी समस्या की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की।
बैठक में व्यापार मंडल अध्यक्ष विजय शंकर जायसवाल, ग्राम प्रधान कोन संतोष पासवान, चेरवाडीह प्रधान शारदा पासवान, सोमरू पटेल, विखलेश भारती, विमलेश यादव, वीरेंद्र गुप्ता सहित क्षेत्र के दर्जनों लोग मौजूद रहे।











