(दुद्धी सोनभद्र रिपोर्ट नितेश कुमार)
दुद्धी (सोनभद्र)। एनएच 39 मार्ग पर जाबर पुरानी बैरियर के पास गुरुवार को एक तेज रफ्तार छोटी मैजिक वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद वहां से गुजर रहे 102 एम्बुलेंस टीम के ईएमटी कुसुम यादव व चालक हीरालाल ने घायल को तत्काल सीएचसी दुद्धी पहुंचाया, जहां से उसे बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार घायल की पहचान जय गोपाल उर्फ मखनचू (25) पुत्र हरिराम भुइया निवासी पतरिहा के रूप में हुई है। वह किसी काम से दुद्धी से अपने घर जा रहा था कि जाबर बैरियर के पास पीछे से आ रही छोटी मैजिक ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर में जयगोपाल गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं हादसे के गंभीरता को देखते हुए आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों ने टक्कर मारने वाली वाहन को रोक कर खड़ा कर दिया।
सीएचसी दुद्धी में चिकित्सक डॉ. मनोहर सिंह ने प्राथमिक उपचार के बाद बताया कि युवक को सिर सहित शरीर के विभिन्न हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। चिकित्सकों ने स्थिति नाज़ुक बताते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। डॉ. सिंह ने कहा कि युवक नशे में था, जिससे उपचार में कठिनाइयाँ आ रही थीं।
घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीणों व राहगीरों ने पतरिहा गांव के प्रधान बुन्देल चौबे को घटना की सूचना दी, जिन्होंने घायल के बेहतर इंतजाम में मदद की। अस्पताल प्रशासन ने स्थानीय पुलिस को भी घटना की जानकारी दे दी है।










