विंढमगंज (सोनभद्र)। विंढमगंज रेलवे स्टेशन पर रांची–चोपन एक्सप्रेस एवं स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस के ठहराव की मांग वर्षों से उठ रही है, लेकिन आंदोलन और रेलवे प्रतिनिधियों व जनप्रतिनिधियों के आश्वासन के बावजूद अब तक मांग पूरी नहीं होने से क्षेत्रीय जनता में नाराजगी बढ़ती जा रही है। अब स्थानीय लोगों ने इस मुद्दे को आगामी चुनाव में प्रमुख मुद्दा बनाने की तैयारी शुरू कर दी है।

विंढमगंज स्टेशन पर दोनों महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव नहीं होने के कारण यात्रियों को ट्रेन पकड़ने के लिए झारखंड के नगर उंटारी स्टेशन जाना पड़ता है। इससे अतिरिक्त किराया खर्च करने के साथ समय की भी बर्बादी होती है। विंढमगंज क्षेत्र चार थानों से घिरा होने के साथ झारखंड सीमा से सटा है, जहां बड़ी संख्या में लोग रोजगार, शिक्षा, व्यापार और इलाज के सिलसिले में रेल यात्रा करते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रांची–चोपन एक्सप्रेस और स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस के ठहराव को लेकर लगातार कई वर्षों से मांग की जा रही है। पूर्व में इसको लेकर आंदोलन भी किया गया तथा रेलवे प्रतिनिधियों और नेताओं द्वारा आश्वासन भी दिया गया, लेकिन धरातल पर आज तक कोई सकारात्मक परिणाम नहीं निकला।
क्षेत्रवासियों का सवाल है कि जब दोनों ट्रेनें विंढमगंज स्टेशन से होकर गुजरती हैं, तो यात्रियों की सुविधा के लिए महज दो मिनट का ठहराव क्यों नहीं दिया जा सकता? लंबे समय से उपेक्षा झेल रहे क्षेत्रवासियों में अब आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
इस मांग को लेकर एडवोकेट रमेशचंद्र कुशवाहा, ओम प्रकाश रावत, अजय गुप्ता, सुरेन्द्र पासवान, संजय गुप्ता, अभिषेक सिंह, ओपी यादव, नंदकिशोर गुप्ता, राजा राम, लक्ष्मण एवं विजय पासवान सहित अन्य क्षेत्रीय लोग लगातार आवाज उठा रहे हैं।
अब स्थानीय जनता इस मुद्दे को आगामी चुनाव में प्रमुख मुद्दा बनाने की तैयारी में है। लोगों का कहना है कि वर्षों से केवल आश्वासन देने वाले जनप्रतिनिधियों से अब सवाल पूछा जाएगा और रेल ठहराव की मांग को चुनावी मुद्दे के रूप में उठाया जाएगा।












