October 12, 2026 2:56 am

Written By

Share करें

✓ Link copy हो गया!

सम्बंधित जानकारी

विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी तेज, मतदाता सूची दुरुस्त करने में जुटा तहसील प्रशासन एसडीएम अशोक कुमार गुप्ता ने बीएलओ और सुपरवाइजरों को दिए निर्देश, नए मतदाताओं के नाम जोड़ने और विलोपित नामों का सत्यापन करने पर जोर दुद्धी, सोनभद्र। विधानसभा चुनाव 2027 के मद्देनजर मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए निर्वाचन आयोग के निर्देश पर तहसील प्रशासन सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में दुद्धी तहसील सभागार में उपजिलाधिकारी अशोक कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें तहसील क्षेत्र के सभी सुपरवाइजरों और बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को मतदाता सूची पुनरीक्षण के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में एसडीएम ने कहा कि स्वच्छ और त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने बीएलओ को अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर जाकर पात्र मतदाताओं का सत्यापन करने तथा 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं को चिह्नित कर उनका फॉर्म-6 भरवाने का निर्देश दिया, ताकि कोई भी पात्र युवा मतदान के अधिकार से वंचित न रहे। विलोपित नामों का होगा भौतिक सत्यापन एसडीएम ने मतदाता सूची से हटाए गए नामों के संबंध में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बीएलओ संबंधित मतदाताओं के घर जाकर भौतिक सत्यापन करें। जांच में कोई पात्र मतदाता सूची से बाहर पाया जाता है तो नियमानुसार आवश्यक दस्तावेजों के साथ फॉर्म-6 भरवाकर उसका नाम जोड़ने की प्रक्रिया पूरी की जाए। लापरवाही पर होगी कार्रवाई एसडीएम ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन संबंधी कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी बीएलओ को निर्धारित समयसीमा के भीतर सत्यापन और आवेदन संबंधी कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए। बैठक में तहसील प्रशासन के अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में बीएलओ और सुपरवाइजर मौजूद रहे।

कई वर्षों बाद फिर जीवंत हुई भट्ठी मोड़ की रामलीला, फीता काटकर हुआ शुभारंभ

डॉ. मनोज कुमार मौर्य और अनिल हलवाई ने किया उद्घाटन, युवाओं ने धार्मिक आयोजन को निरंतर जारी रखने का लिया संकल्प

 

दुद्धी, सोनभद्र। विकासखंड दुद्धी के गुलालझरिया गांव स्थित भट्ठी मोड़ पर कई वर्षों से बंद रामलीला मंचन और दुर्गा पूजा कार्यक्रम को क्षेत्रीय युवाओं की पहल पर फिर से शुरू किया गया। श्री रामलीला नवयुवक समिति भट्ठी मोड़ के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ शिव हॉस्पिटल के संचालक डॉ. मनोज कुमार मौर्य और मां भारती जन सेवा ट्रस्ट के ट्रस्टी अनिल हलवाई ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस दौरान हनुमान जी के मुकुट और शस्त्रों का विधिवत पूजन भी किया गया।

कार्यक्रम में समिति के कार्यकर्ताओं ने अतिथियों का माल्यार्पण कर अंगवस्त्र भेंट करके स्वागत किया। इसके बाद रजखड़ के कलाकारों ने रामलीला का मंचन कर दर्शकों को भावविभोर किया।

मुख्य अतिथि डॉ. मनोज कुमार मौर्य ने कहा कि रामलीला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि भगवान श्रीराम के आदर्शों को जीवन में अपनाने की प्रेरणा भी है। इससे पिता-पुत्र, भाई-भाई और पति-पत्नी के बीच प्रेम, समर्पण, त्याग और भक्ति की सीख मिलती है। रामलीला के माध्यम से सत्य के मार्ग पर चलने और आदर्शों को परिवार व समाज में आत्मसात करने की प्रेरणा मिलती है।

विशिष्ट अतिथि अनिल हलवाई ने युवाओं की पहल की सराहना करते हुए कहा कि कई वर्षों से बंद धार्मिक आयोजन को दोबारा शुरू करना सराहनीय कदम है। उन्होंने समिति को आर्थिक सहयोग प्रदान किया और भविष्य में भी आयोजन को सफल बनाने के लिए हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।

समिति के अध्यक्ष रामभरत साहनी ने बताया कि गांव के युवाओं ने बैठक कर रामलीला और दुर्गा पूजा को दोबारा शुरू करने का संकल्प लिया है। आयोजन को अब प्रतिवर्ष निरंतर जारी रखने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने धार्मिक परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए क्षेत्रीय ग्रामीणों से भी सहयोग की अपील की।

इस मौके पर डॉ. अशोक मौर्य, धर्मेंद्र पाल, डॉ. राहुल पाल, ग्राम प्रधान त्रिभुवन यादव, संतोष अग्रहरि, शिव प्रसाद निषाद, विनोद जायसवाल, रवि सिंह, समिति के उपाध्यक्ष रामप्रवेश, कोषाध्यक्ष गुरुदेव साहनी, प्रताप, आशीष कुमार, दिलीप भारती, सचिव डॉ. सतीश, संरक्षक मनीष कुमार, विकास, राजेश, रमेश, रविंदर, धर्मेंद्र, अमित साहनी, अजय यादव, मोहन कुमार, मनोज यादव, सर्वेश मौर्य, शिवप्रसाद, अरुण साहनी, विजय भारती, सूचना मंत्री अनीश कुमार, विनोद मौर्य सहित समिति के अन्य कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय ग्रामीण मौजूद रहे।

Ravi Kumar
Author: Ravi Kumar

दुद्धी/संवाद/ रवि सिंह/सोनभद्र

error: Content is protected !!