दुद्धी में वृहद रोजगार मेले का आयोजन, 20 कंपनियों ने लिया हिस्सा; 1800 अभ्यर्थियों ने किया प्रतिभाग
दुद्धी, सोनभद्र। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), धनौरा दुद्धी में बुधवार, 4 नवंबर 2026 को वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में क्षेत्र सहित विभिन्न स्थानों से पहुंचे करीब 1800 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया, जिनमें से 612 युवाओं को विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों की ओर से जॉब ऑफर प्रदान किया गया। इस उपलब्धि से युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। पारदर्शी चयन प्रक्रिया के जरिए योग्य युवाओं को सरकारी सेवाओं से लेकर निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। ऐसे रोजगार मेले बेरोजगारी दूर करने और युवाओं को उनके हुनर के अनुरूप अवसर दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
विशिष्ट अतिथि भाजपा जिला मंत्री मनोज सिंह उर्फ बबलू एवं भाजपा पिछड़ा प्रकोष्ठ के जिला मीडिया संयोजक जितेंद्र कुमार चंद्रवंशी ने कहा कि विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। तकनीकी ज्ञान और कौशल के दम पर भारत आज वैश्विक स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहा है। उन्होंने कहा कि आईटीआई जैसे संस्थानों से प्रशिक्षित युवा रोजगार प्राप्त करने के साथ देश के औद्योगिक विकास और अर्थव्यवस्था को भी नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में योगदान दे रहे हैं।
रोजगार मेले में देश की 20 प्रतिष्ठित कंपनियों ने सहभागिता की। इनमें हिंडाल्को इंडस्ट्रीज (विजन इंडिया), फिएट इंडिया ऑटोमोबाइल, टाटा मोटर्स, आईसीआईसीआई बैंक, एलएंडटी, उत्तर प्रदेश राज्य परिवहन, अनपरा ताप विद्युत परियोजना एवं सीपेट वाराणसी सहित अन्य कंपनियां शामिल रहीं। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों की योग्यता एवं तकनीकी दक्षता के आधार पर चयन प्रक्रिया पूरी की और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए।
इस वृहद रोजगार मेले का आयोजन संस्थान के प्रधानाचार्य रविंद्र पटेल एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के जिला अधिकारी दीपक साहू के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य गोपाल प्रजापति, अध्यापक संजय श्रीवास्तव, अरुण तिवारी सहित संस्थान के शिक्षकगण, कर्मचारी एवं सैकड़ों छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
1800 अभ्यर्थियों की भागीदारी और 612 युवाओं को मिले जॉब ऑफर ने यह साबित किया कि तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास युवाओं के लिए रोजगार एवं आत्मनिर्भरता का मजबूत आधार बन रहे हैं।












