विन्ढ़मगंज में दुर्गा पूजा महोत्सव की हुई सराहना
विंढमगंज (सोनभद्र)स्थानीय मां काली पीठ मंदिर परिसर में वर्ष 2026 में आयोजित 70वें दुर्गा पूजा महोत्सव के सफल समापन के बाद मां काली पीठ दुर्गा पूजा समिति की ओर से सम्मान समारोह एवं आय-व्यय की बैठक आयोजित की गई। समिति के अध्यक्ष रविशंकर जायसवाल के नेतृत्व में आयोजित इस बैठक में दुर्गा पूजा के दौरान प्राप्त चंदे और आयोजन पर हुए खर्च का पूरा विवरण सदस्यों एवं गणमान्य लोगों के समक्ष पारदर्शी तरीके से प्रस्तुत किया गया।समिति की ओर से प्रस्तुत लेखा-जोखा के अनुसार,दुर्गा पूजा महोत्सव के लिए कुल 5,95,140 रुपये चंदे के रूप में प्राप्त हुए, जबकि आयोजन में 5,40,140 रुपये खर्च किए गए। इस प्रकार कुल 55,000 रुपये की बचत हुई।

बैठक में एक-एक खर्च का विवरण साझा किया गया, जिससे उपस्थित लोगों को आयोजन से संबंधित आर्थिक स्थिति की स्पष्ट जानकारी मिली।समिति की इस पारदर्शी पहल की उपस्थित सदस्यों एवं गणमान्य लोगों ने मुक्त कंठ से सराहना की। लोगों ने कहा कि किसी भी धार्मिक आयोजनों में आर्थिक पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखना समाज के विश्वास को मजबूत करता है। सदस्यों ने अध्यक्ष रविशंकर जायसवाल की कार्यकुशलता, नेतृत्व क्षमता और आयोजन को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया।इस अवसर पर दुर्गा पूजा के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले समिति के लगभग 101 सदस्यों को अंगवस्त्र एवं मां काली की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया गया।
पूजा संपन्न कराने वाले पुरोहितों के साथ-साथ समाचार संकलन एवं प्रसारण में सहयोग देने वाले मीडिया बंधुओं को भी सम्मानित किया गया।समारोह के समापन पर सभी सदस्यों के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था की गई। धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और पारदर्शिता के संदेश के साथ संपन्न यह कार्यक्रम क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा।












