महानवमी पर मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, भव्य आरती से भक्तिमय हुआ विंढमगंज क्षेत्र
विंढमगंज (सोनभद्र)शारदीय नवरात्र की महानवमी के पावन अवसर पर विंढमगंज क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों एवं पूजा पंडालों में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। मां दुर्गा के नौवें स्वरूप मां सिद्धिदात्री की पूजा-अर्चना के साथ मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। मां के जयकारों, घंटियों की गूंज और भक्ति गीतों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।
महानवमी के अवसर पर शक्तिपीठ काली मंदिर, राम जानकी मंदिर, शिव मंदिर सलैयाडीह तथा शीतला मंदिर में भव्य आरती का कार्यक्रम आयोजित किया गया। आरती के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और मां के चरणों में मत्था टेककर सुख-समृद्धि एवं परिवार की खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसरों में श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह देखते ही बन रहा था।
वहीं, क्षेत्र के धरती डोलवा शिव मंदिर, मुड़ीसेमर शिव मंदिर, मेदनीखाड़ शिव मंदिर, पटेल नगर शिव मंदिर, हरना कछार स्थित महादेव मंदिर, पतहरिया-महुली शिव मंदिर तथा शनिचर बाजार महुली स्थित पंथ देव शिव मंदिर में भी भक्तों का आना-जाना देर रात्रि तक जारी रहा। महिला, पुरुष और बच्चों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने दर्शन-पूजन कर भगवान के समक्ष अपनी मनोकामनाएं रखीं।
नवरात्र के नौ दिनों तक चले धार्मिक अनुष्ठानों के अंतिम दिन महानवमी पर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। विभिन्न स्थानों पर पूजा-पाठ, आरती, हवन और कन्या पूजन के माध्यम से मां दुर्गा की आराधना की गई। पूजा समितियों एवं स्थानीय श्रद्धालुओं के सहयोग से धार्मिक आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुए।
महानवमी के पावन अवसर पर विंढमगंज क्षेत्र में भक्ति, आस्था और धार्मिक उत्साह का माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा से क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की प्रार्थना की।












