शिक्षा और सामाजिक एकता पर दिया जोर, आर्थिक अभाव में पढ़ाई करने वाले बच्चों की मदद का दिया भरोसा
विंढमगंज (सोनभद्र)। विंढमगंज स्थित राम-जानकी डिहवार बाबा मंदिर परिसर में आयोजित दुर्गा पूजा एवं रामलीला कार्यक्रम में समाजसेवी संजय सिंह गोंड धुर्वे, बसपा दुद्धी विधानसभा प्रभारी, अपने सहयोगियों के साथ पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मां दुर्गा के दरबार में मत्था टेककर पूजा-अर्चना की और माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त किया।

मंदिर परिसर में श्री श्री 108 वेद मोहनदास ब्रह्मचारी बाबा ने अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंटकर संजय सिंह गोंड धुर्वे और उनके साथ आए अतिथियों को सम्मानित किया।
इसके बाद रामलीला मंच से लोगों को संबोधित करते हुए संजय सिंह गोंड धुर्वे ने भगवान श्रीराम के चरित्र और उनके आदर्शों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा सबसे बहुमूल्य चीज है। शिक्षा के माध्यम से ही समाज और देश का विकास संभव है। उन्होंने कहा कि आर्थिक अभाव के कारण जो बच्चे पढ़ाई नहीं कर पाते हैं, उनकी हरसंभव मदद करने का प्रयास करेंगे, ताकि कोई भी बच्चा पैसों की कमी के कारण शिक्षा से वंचित न रहे।

उन्होंने समाज में एकता, भाईचारे और आपसी सद्भाव बनाए रखने पर जोर दिया। साथ ही मंदिर परिसर में उपस्थित लोगों से आशीर्वाद मांगा। इस अवसर पर उन्होंने रामलीला के आयोजन में सहयोग के लिए रामलीला समिति को 11 हजार रुपये की नगद राशि प्रदान की।
कार्यक्रम में राम विचार गौतम, मुख्य मंडल प्रभारी मिर्जापुर, संदीप भारती, सुरेश भारती, त्रिभुवन भारती, राजेश रावत और कुशवाहा जी सहित अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रीय लोगों में उत्साह देखने को मिला।












