राम-जानकी मंदिर और मां काली शक्ति पीठ में भव्य आरती, सलैयाडीह में भंडारे का आयोजन; धरती डोलवा पहुंचे पूर्व विधायक हरिराम चेरो
विंढमगंज (सोनभद्र)। विंढमगंज थाना क्षेत्र में नवरात्रि को लेकर भक्ति और उत्साह का माहौल बना हुआ है। नवरात्रि के चौथे दिन मां दुर्गा के चौथे स्वरूप मां कूष्मांडा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। क्षेत्र के राम-जानकी मंदिर और मां काली शक्ति पीठ में भव्य आरती का आयोजन हुआ, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए। मां के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठे और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

विंढमगंज स्थित राम-जानकी मंदिर में पुजारी नंदलाल तिवारी, श्रीश्री 108 वेद मोहन दास ब्रह्मचारी बाबा और हृदयानंद चौबे ने श्रद्धालुओं के साथ मां दुर्गा की प्रतिमा के समक्ष आरती की। वहीं, मां काली शक्ति पीठ में पुजारी मनोज तिवारी, राजीव रंजन तिवारी और राजेश तिवारी सहित अन्य श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना के बाद आरती की। इस दौरान मंदिर परिसर में भक्तों की भीड़ जुटी रही। आरती के बाद महाप्रसाद वितरित किया गया।
इसी क्रम में सलैयाडीह स्थित शिव मंदिर दुर्गा पूजा समिति की ओर से भी आरती के बाद भंडारे का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। नवरात्रि के अवसर पर क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों में धार्मिक कार्यक्रमों के आयोजन से माहौल भक्तिमय बना हुआ है।
धरती डोलवा पहुंचे पूर्व विधायक हरिराम चेरो
नवरात्रि के अवसर पर पूर्व विधायक हरिराम चेरो धरती डोलवा पहुंचे। उन्होंने मंदिर में मां के दर्शन कर आशीर्वाद लिया और नगद सहयोग राशि प्रदान की। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत करते हुए अपने पूर्व कार्यकाल से जुड़ी बातें साझा कीं।
बातचीत के दौरान चेरो ने आगामी विधानसभा चुनाव में दोबारा विधायक बनने के लिए लोगों से समर्थन मांगा। उन्होंने कहा कि दोबारा अवसर मिलने पर मंदिर निर्माण, रामलीला, खेलकूद और क्षेत्र के अन्य विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का प्रयास करेंगे। उनके इस दौरे के दौरान धार्मिक कार्यक्रम के साथ क्षेत्रीय विकास और आगामी चुनाव को लेकर भी चर्चा हुई।












