दुद्धी (सोनभद्र)। कस्बे के वार्ड नंबर 8 में बुधवार दोपहर फेरी वाले बनकर आए दो बाइक सवार ठगों ने सफाई के नाम पर एक महिला से लगभग ढाई लाख रुपये के सोने के आभूषण पार कर दिए।वहीं दुद्धी में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कस्बे के वार्ड नंबर 8 निवासी जय सिंह की पत्नी सुनैना देवी दोपहर करीब 12 बजे घर पर थीं। तभी बाइक सवार दो युवक बर्तन और आभूषण साफ करने का दावा करते हुए उनके पास पहुंचे। शुरुआत में महिला ने उन्हें चांदी की पायल साफ करने के लिए दी, जिसे ठगों ने झांसे में लेने के लिए सफलतापूर्वक साफ करके वापस लौटा दिया।
झांसे में आकर सुनैना देवी ने अपने कान के झुमके (एक जोड़ी) और गले की सोने की चेन (एक भर से अधिक वजन) भी सफाई के लिए दे दी। जेवर हाथ में आते ही आरोपियों ने महिला से आभूषण धोने के लिए घर के भीतर से पानी लाने को कहा। जैसे ही सुनैना देवी पानी लेने अंदर गईं, दोनों शातिर आभूषण लेकर बाइक स्टार्ट कर मौके से रफूचक्कर हो गए।
घटना के तुरंत बाद महिला ने शोर मचाया, लेकिन तब तक आरोपी दूर निकल चुके थे। पास की गली में लगे एक निजी मकान के सीसी टीवी कैमरे में आरोपियों की तस्वीरें कैद हो गई हैं। पीड़ित सुनैना देवी ने घटना के संबंध में पुलिस क्षेत्राधिकारी विनय प्रभाकर साहनी को लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की सुरागकशी और धरपकड़ में जुट गई है, हालांकि अभी तक पुलिस के हाथ खाली हैं। इधर क्षेत्र में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं को लेकर स्थानीय निवासियों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।











