दुद्धी (सोनभद्र)थाना दुद्धी क्षेत्र के झारोखुर्द गांव में बीते शाम पंखे का बिजली कनेक्शन करते समय करंट की चपेट में आने से 42 वर्षीय बर्तन व्यापारी की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतक अपने पीछे तीन पुत्रियां और एक पुत्र छोड़ गए हैं, सभी नाबालिग बताए जा रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, झारोखुर्द गांव निवासी स्व. रामचंद्र के 42 वर्षीय पुत्र लालबिहारी सोनी उर्फ नागेंद्र शनिवार की शाम करीब साढ़े सात बजे अपने घर में पंखे का बिजली कनेक्शन जोड़ रहे थे। इसी दौरान अचानक वह विद्युत करंट की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। परिजन तत्काल उन्हें निजी साधन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी लेकर पहुंचे, जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. विनोद सिंह ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
लालबिहारी सोनी बर्तन का कारोबार कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक के तीन पुत्रियां और एक पुत्र हैं, जो सभी नाबालिग हैं। पिता की मौत की खबर से बच्चों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
अस्पताल प्रशासन की ओर से भेजी गई मेमो सूचना के बाद पुलिस सीएचसी दुद्धी पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई पूरी की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।











