(दुद्धी सोनभद रिपोर्ट नितेश कुमार)
दुद्धी/सोनभद्र। दुद्धी तहसील क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत पोलवा में गुरुवार, 06 अगस्त 2026 को ग्रामीणों ने सफाई व्यवस्था पर नाराजगी जताई। ग्रामीणों के अनुसार सुरेश पान दुकान के पीछे, लैम्प्स के बगल से होकर गुजरने वाले कच्चे मार्ग पर लंबे समय से सफाई नहीं कराई गई है। मार्ग के दोनों ओर घास-फूस और झाड़ियां उग आई हैं, जिससे लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हो रही बारिश के कारण रास्ते पर पानी जमा हो जाता है, जिससे कीचड़ फैल गया है। ऐसे में पैदल चलने वाले लोगों के साथ-साथ बाइक सवारों के फिसलकर घायल होने की आशंका बनी रहती है।ग्रामीणों ने यह भी चिंता जताई कि झाड़ियों में जहरीले कीड़े-मकोड़े और सांप आदि छिपे रह सकते हैं। यदि किसी व्यक्ति को कोई जहरीला जीव काट लेता है या कोई दुर्घटना हो जाती है, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी? यह सवाल ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और ग्राम पंचायत से किया है।
ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों एवं ग्राम पंचायत से मांग की है कि उक्त कच्चे मार्ग की तत्काल सफाई कराई जाए, झाड़ियों को हटाया जाए तथा जल निकासी की समुचित व्यवस्था की जाए, ताकि ग्रामीणों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके और किसी संभावित दुर्घटना या अप्रिय घटना से बचा जा सके।










