October 24, 2026 12:25 pm

Written By

Share करें

✓ Link copy हो गया!

सम्बंधित जानकारी

आज होगा असत्य पर सत्य की विजय, भारती इंटर कॉलेज खेल मैदान व छठ पूजा स्थल पर होगा रावण दहन विंढमगंज (सोनभद्र)। असत्य पर सत्य की विजय और अधर्म पर धर्म की जीत का प्रतीक विजयादशमी का पर्व आज विंढमगंज क्षेत्र में धूमधाम से मनाया जाएगा। स्थानीय भारती इंटर कॉलेज के खेल मैदान एवं छठ पूजा स्थल पर विशालकाय रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। विंढमगंज में रावण दहन की यह ऐतिहासिक परंपरा करीब 50 वर्षों से चली आ रही है। इस भव्य आयोजन को देखने के लिए सोनभद्र सहित आसपास के क्षेत्रों और पड़ोसी राज्यों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। विजयादशमी के अवसर पर दोनों स्थलों पर मेले को लेकर उत्साह का माहौल रहता है। क्षेत्र के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमाओं की आकर्षक झांकियां भी खेल मैदान में पहुंचती हैं। हजारों की संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे इस आयोजन में शामिल होकर मेले की रौनक बढ़ाते हैं। राम-रावण युद्ध होगा आकर्षण का केंद्र रावण दहन कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण भगवान श्रीराम और दशानन रावण के बीच होने वाला प्रतीकात्मक युद्ध होता है। युद्ध के अंतिम चरण में भगवान श्रीराम का बाण रावण के विशालकाय पुतले को धराशायी कर देता है। इसके साथ ही पूरा मैदान जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठता है और असत्य पर सत्य की विजय का संदेश जन-जन तक पहुंचता है। राम जानकी मंदिर के कार्यकर्ताओं की रहती है अहम भूमिका इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाने में राम जानकी मंदिर के कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहता है। कार्यकर्ता महीनों पहले से तैयारियों में जुट जाते हैं और अथक मेहनत से मेले को आकर्षक स्वरूप प्रदान करते हैं। रावण के विशालकाय पुतले के निर्माण से लेकर अन्य व्यवस्थाओं तक में आयोजन समिति के सदस्यों का योगदान सराहनीय रहता है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन सतर्क मेले में उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए स्थानीय पुलिस प्रशासन भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्क रहता है। थाना प्रभारी अपने हमराहियों के साथ मौके पर मुस्तैद रहकर शांति व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, ताकि श्रद्धालुओं और दर्शकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो तथा आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। विजयादशमी के अवसर पर विंढमगंज के दोनों आयोजन स्थलों पर उत्सव का माहौल देखने को मिलेगा। लोगों को उस ऐतिहासिक क्षण का इंतजार है, जब भगवान श्रीराम के बाण से रावण का विशालकाय पुतला धू-धू कर जलेगा और पूरा क्षेत्र असत्य पर सत्य की विजय के जयघोष से गूंज उठेगा।

दुद्धी महाविद्यालय में छात्रों का एक दिवसीय धरना,कालेज के दो शिक्षकों पर कार्रवाई की मांग

दुद्धी (सोनभद्र)भाऊराव देवरस राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय दुद्धी के बी.कॉम. के नियमित छात्र मृत्युंजय पांडेय सहित छात्रों ने सोमवार को महाविद्यालय में एक दिवसीय धरना दिया और दो असिस्टेंट प्रोफेसरों के विरुद्ध उच्चस्तरीय जांच कर तत्काल कार्रवाई की मांग की। छात्रों ने चेतावनी दी है कि शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर भविष्य में अनिश्चितकालीन आमरण अनशन किया जाएगा।

 

छात्र मृत्युंजय पांडेय ने आरोप लगाया कि चीफ प्रॉक्टर डॉ. अजय कुमार ने 25 अगस्त को उनके चाचा नितेश कुमार पाण्डेय से बातचीत के दौरान एससी/एसटी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कराने और करियर बर्बाद करने की धमकी दी। उन्होंने कहा कि तंबाकू सेवन की शिकायत करने के बाद डॉ. विवेकानन्द द्वारा 20 अगस्त, 2 और 3 सितंबर को महाविद्यालय के मुख्य द्वार एवं सीढ़ियों पर उन्हें रोका गया तथा कक्षाओं में प्रवेश से वंचित रखा गया।

छात्रों के अनुसार, परिसर में तंबाकू सेवन के वीडियो साक्ष्य के बावजूद आंतरिक जांच में हेरफेर कर झूठी रिपोर्ट तैयार की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपित शिक्षकों की परिसर में मौजूदगी के कारण गवाह छात्र भय के कारण गवाही देने से हिचक रहे हैं।

प्रदर्शनकारी छात्रों ने दोनों आरोपित शिक्षकों को तत्काल निलंबित करने, चीफ प्रॉक्टर डॉ. अजय कुमार को जांच पूर्ण होने तक प्रशासनिक एवं अनुशासनात्मक दायित्वों से पदमुक्त करने तथा विभागीय स्तर पर उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की। उन्होंने आगामी परीक्षाओं की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए दोनों शिक्षकों को मूल्यांकन एवं परीक्षा निरीक्षण से अलग रखने की भी मांग की।

छात्रों ने बताया कि उनकी शिकायत आईजीआरएस के माध्यम से उच्च शिक्षा विभाग उत्तर प्रदेश शासन के पास पत्र शिकायती भेजा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से सीधे हस्तक्षेप कर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की। छात्रों ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक गतिविधि नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की सुरक्षा, आत्मसम्मान और भयमुक्त शैक्षणिक वातावरण की मांग से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि प्राचार्य सहित अन्य शिक्षकों पर इस प्रकरण में कोई आरोप नहीं है।

प्रदर्शनकारी छात्रों ने कहा कि यदि शासन प्रशासन द्वारा शीघ्र ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो वे भविष्य में अनिश्चितकालीन आमरण अनशन पर बैठेंगे। उन्होंने कहा कि उनके पास साक्ष्य और गवाह मौजूद हैं तथा न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा। छात्रों का प्रतिनिधि मंडल धरना के बाद कॉलेज के प्राचार्य को इस बाबत ज्ञापन सौंपा ।इस संबंध में महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य राजेश भारती ने बताया कि मामला उच्च शिक्षा निदेशालय, विश्वविद्यालय और शासन स्तर पर जांच के लिए लंबित है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही जांच कमेटी गठित किए जाने की संभावना है और यह प्रक्रिया अगले सप्ताह तक शुरू हो सकती है।

धरना पर श्रेयांशु अग्रहरि, ओम अग्रहरि,करण सिंह राजपूत,मृत्युंजय पांडे,एकलव्य प्रताप सिंह,अभय यादव और अर्श खान सहित काफी संख्या में छात्र उपस्थित रहे ।

Ravi Kumar
Author: Ravi Kumar

दुद्धी/संवाद/ रवि सिंह/सोनभद्र

error: Content is protected !!