August 4, 2026 3:06 am

Written By

Share करें

✓ Link copy हो गया!

सम्बंधित जानकारी

शीशटोला लूटकांड का खुलासा, 25 हजार का इनामी बदमाश मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार 

 

  • (दुद्धी सोनभद्र रिपोर्ट नितेश कुमार) दुद्धी (सोनभद्र)। बभनी थाना क्षेत्र के शीशटोला जंगल में सर्राफा व्यापारी से हुई लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। सोमवार को पुलिस मुठभेड़ के बाद 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश पंकज साह को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से लूटा गया चांदी के आभूषणों से भरा बैग, अवैध तमंचा और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद हुई है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने सोमवार को प्रेस वार्ता में बताया कि यह वारदात 18 जुलाई 2026 को हुई थी। चपकी निवासी सर्राफा व्यापारी कुलधीर कुमार छत्तीसगढ़ के रघुनाथनगर साप्ताहिक बाजार से आभूषण बेचकर घर लौट रहे थे, तभी शाम करीब 6:30 बजे शीशटोला जंगल के पास बाइक सवार बदमाशों ने चाकू के बल पर उन्हें रोककर सोने-चांदी के आभूषण और करीब 40 हजार रुपये नकद से भरा बैग लूट लिया था। इस मामले में थाना बभनी में मुकदमा दर्ज किया गया था।

एसपी ने बताया कि सोमवार तड़के बभनी पुलिस, एसओजी, म्योरपुर और दुद्धी पुलिस की संयुक्त टीम अरझट पुलिया के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन पुलिस को देखकर वे भागने लगे। बारिश के कारण बाइक फिसलने पर दोनों झाड़ियों की ओर भागे और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पंकज साह के दाहिने पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका साथी संजय साकेत अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

पूछताछ में पंकज साह ने स्वीकार किया कि उसने संजय साकेत, मनोज साकेत और रमेश साकेत के साथ मिलकर पहले व्यापारी की रेकी की और फिर लूट की वारदात को अंजाम दिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने लूटा गया बैग बरामद कर लिया, जिसे पीड़ित ने मौके पर ही पहचान लिया। बैग से 7 हसुली, 38 जोड़ी पायल, 7 जोड़ी पाजेब, 3 जोड़ी पहुंची, एक जोड़ी बेरवा और 25 फॉक्स चेन समेत बड़ी मात्रा में चांदी के आभूषण मिले हैं।

गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा, कारतूस, फायरशुदा खोखे और टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार पंकज साह का लंबा आपराधिक इतिहास है और उसके खिलाफ सोनभद्र तथा मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के विभिन्न थानों में लूट, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।

एसपी अभिषेक वर्मा ने कहा कि सोनभद्र में अपराध करने वालों के लिए कोई सुरक्षित ठिकाना नहीं है। उन्होंने बताया कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी है और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Nitesh Kumar
Author: Nitesh Kumar

Nice

error: Content is protected !!