सावन के पहले सोमवार को गलगली मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
जलाभिषेक कर भक्तों ने मांगी सुख-शांति की कामना, गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे
विंढमगंज फुलवार। सावन माह के प्रथम सोमवार को ग्राम सभा फुलवार स्थित प्रसिद्ध गलगली मंदिर पहाड़ पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर विधिवत पूजा-अर्चना की।

मंदिर परिसर को आकर्षक झालरों से सजाया गया था। भक्ति गीतों और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय बना रहा। महिलाओं ने समूह में भजन-कीर्तन करते हुए भगवान शिव की आराधना की।
इस अवसर पर ग्राम सभा फुलवार के प्रेमशंकर यादव, डॉ. राम प्यारे गुप्ता एवं शिव शंकर गुप्ता सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व श्रद्धालु मौजूद रहे। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव से क्षेत्र में सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
सावन माह में गलगली मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए प्रत्येक सोमवार बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, जिससे यहां मेले जैसा माहौल बना रहता है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सुरक्षा एवं पेयजल की व्यवस्था भी की गई।





