October 23, 2026 12:22 am

Written By

Share करें

✓ Link copy हो गया!

सम्बंधित जानकारी

आज होगा असत्य पर सत्य की विजय, भारती इंटर कॉलेज खेल मैदान व छठ पूजा स्थल पर होगा रावण दहन विंढमगंज (सोनभद्र)। असत्य पर सत्य की विजय और अधर्म पर धर्म की जीत का प्रतीक विजयादशमी का पर्व आज विंढमगंज क्षेत्र में धूमधाम से मनाया जाएगा। स्थानीय भारती इंटर कॉलेज के खेल मैदान एवं छठ पूजा स्थल पर विशालकाय रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। विंढमगंज में रावण दहन की यह ऐतिहासिक परंपरा करीब 50 वर्षों से चली आ रही है। इस भव्य आयोजन को देखने के लिए सोनभद्र सहित आसपास के क्षेत्रों और पड़ोसी राज्यों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। विजयादशमी के अवसर पर दोनों स्थलों पर मेले को लेकर उत्साह का माहौल रहता है। क्षेत्र के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमाओं की आकर्षक झांकियां भी खेल मैदान में पहुंचती हैं। हजारों की संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे इस आयोजन में शामिल होकर मेले की रौनक बढ़ाते हैं। राम-रावण युद्ध होगा आकर्षण का केंद्र रावण दहन कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण भगवान श्रीराम और दशानन रावण के बीच होने वाला प्रतीकात्मक युद्ध होता है। युद्ध के अंतिम चरण में भगवान श्रीराम का बाण रावण के विशालकाय पुतले को धराशायी कर देता है। इसके साथ ही पूरा मैदान जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठता है और असत्य पर सत्य की विजय का संदेश जन-जन तक पहुंचता है। राम जानकी मंदिर के कार्यकर्ताओं की रहती है अहम भूमिका इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाने में राम जानकी मंदिर के कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहता है। कार्यकर्ता महीनों पहले से तैयारियों में जुट जाते हैं और अथक मेहनत से मेले को आकर्षक स्वरूप प्रदान करते हैं। रावण के विशालकाय पुतले के निर्माण से लेकर अन्य व्यवस्थाओं तक में आयोजन समिति के सदस्यों का योगदान सराहनीय रहता है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन सतर्क मेले में उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए स्थानीय पुलिस प्रशासन भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्क रहता है। थाना प्रभारी अपने हमराहियों के साथ मौके पर मुस्तैद रहकर शांति व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, ताकि श्रद्धालुओं और दर्शकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो तथा आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। विजयादशमी के अवसर पर विंढमगंज के दोनों आयोजन स्थलों पर उत्सव का माहौल देखने को मिलेगा। लोगों को उस ऐतिहासिक क्षण का इंतजार है, जब भगवान श्रीराम के बाण से रावण का विशालकाय पुतला धू-धू कर जलेगा और पूरा क्षेत्र असत्य पर सत्य की विजय के जयघोष से गूंज उठेगा।

एसडीएम ने कम्पोजिट विद्यालय का किया निरीक्षण, बच्चों के साथ बैठकर परखा मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता

(दुद्धी/संवाद/ रवि सिंह/सोनभद्र)- कम्पोजिट विद्यालय दुद्धी का मंगलवार को उप जिलाधिकारी दुद्धी अशोक कुमार गुप्ता ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में साफ-सफाई, छात्र-छात्राओं के बैठने की व्यवस्था, पठन-पाठन, शिक्षकों की उपस्थिति, छात्र उपस्थिति तथा मध्यान्ह भोजन (मिड-डे मील) सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने विद्यालय के किचन एवं मध्यान्ह भोजन तैयार किए जाने की व्यवस्था का भी गंभीरता से निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों से बातचीत कर विद्यालय में मिल रही शिक्षा की गुणवत्ता के बारे में जानकारी ली और उनकी पढ़ाई से संबंधित समस्याओं को भी जाना।

विद्यालय में अध्ययनरत छात्र /छात्राओं के पठन-पाठन में आ रही कुछ समस्याओं से खंड शिक्षा अधिकारी व प्रधानाचार्य ने एसडीएम को अवगत कराया। एसडीएम ने संबंधित समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई एवं व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम अशोक कुमार गुप्ता ने बच्चों के साथ फर्श पर बैठकर मध्यान्ह भोजन ग्रहण किया और भोजन की गुणवत्ता को स्वयं परखा। उनके इस सहज एवं मानवीय व्यवहार की विद्यालय के शिक्षकों, अभिभावकों तथा स्थानीय लोगों ने सराहना की।

जांच के दौरान विद्यालय में कुल 412 छात्र-छात्राओं का नामांकन पाया गया, जिसके सापेक्ष 367 छात्र-छात्राएं उपस्थित मिले। एसडीएम ने छात्र-छात्राओं की उपस्थिति, शिक्षकों की उपस्थिति, मध्यान्ह भोजन, किचन की व्यवस्था एवं साफ-सफाई समेत विभिन्न बिंदुओं की जांच की।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि विद्यालयों में समय-समय पर इस तरह का निरीक्षण होता रहे और अधिकारियों द्वारा बच्चों के साथ बैठकर मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता परखी जाए तो विद्यालयों की व्यवस्थाएं निश्चित रूप से बेहतर होंगी। एसडीएम द्वारा बच्चों के साथ जमीन पर बैठकर भोजन ग्रहण करने और व्यवस्थाओं को करीब से परखने के कदम की लोगों ने विशेष रूप से सराहना की। इस मौके पर शिक्षक शैलेश मोहन,जितेंद्र चौबे तत्सत त्रिपाठी सहित अन्य शिक्षक व अभिभावक गण मौजूद रहे।

VIKASH RAGHUWANSHI
Author: VIKASH RAGHUWANSHI

संपादक | सामाजिक कार्यकर्ता 📍 कचनरवा/कोन, सोनभद्र, उत्तर प्रदेश 📰 स्थानीय खबरों की बुलंद आवाज़ समाजहित एवं जनसमस्याओं के लिए सदैव तत्पर। गांव, गरीब और आम जनता की आवाज़ को प्रमुखता से उठाना मेरा उद्देश्य है। सच • निष्पक्षता • जनसेवा जनहित के मुद्दों को सामने लाना और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाना मेरा संकल्प है।

error: Content is protected !!