- विंढमगंज (सोनभद्र)। थाना क्षेत्र के हीराचक गांव के समीप रांची-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार रात लगभग 9 बजे हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिसके बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

घटना की जानकारी राहगीरों ने विंढमगंज पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। आसपास के लोगों की मदद से मृतकों की पहचान अखिलेश कुमार (25 वर्ष), पुत्र शिव प्रसाद तथा अंकुश (21 वर्ष), पुत्र छठू भुइयां, निवासी देवड़ी, के रूप में हुई।
पुलिस ने आवश्यक पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर फरार वाहन एवं उसके चालक की तलाश में जुटी हुई है।
इस हृदयविदारक घटना से मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, जबकि पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों ने दुर्घटना के जिम्मेदार वाहन चालक की शीघ्र गिरफ्तारी और सड़क सुरक्षा के प्रभावी उपाय किए जाने की मांग की है।

