July 19, 2026 4:11 am

Written By

Share करें

✓ Link copy हो गया!

सम्बंधित जानकारी

आज़ादी के बाद पहली बार श्मशान घाट तक बनी पक्की सड़क, ग्रामीणों ने विधायक अनंत प्रताप देव का जताया आभार

सगमा पंचायत की वर्षों पुरानी समस्या का हुआ समाधान, प्रेस वार्ता में ग्रामीणों ने विकास कार्य की सराहना की

सगमा (गढ़वा)। सगमा प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत सगमा में वर्षों से चली आ रही श्मशान घाट तक पहुंचने की समस्या का समाधान होने पर ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। आज़ादी के बाद पहली बार श्मशान घाट तक पक्की सड़क बनने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। लंबे समय से अंतिम संस्कार के लिए लोगों को दलदल, कीचड़ और ऊबड़-खाबड़ रास्तों से होकर गुजरना पड़ता था। बरसात के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती थी, जिससे ग्रामीणों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।

इस बहुप्रतीक्षित समस्या के समाधान के उपलक्ष्य में डॉ. हरिदास प्रसाद यादव के पैतृक आवास पर प्रखंड अध्यक्ष रमेश यादव की अध्यक्षता में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इसमें सगमा पंचायत सहित आसपास के गांवों के बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए और भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक अनंत प्रताप देव के प्रति आभार व्यक्त किया।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए डॉ. हरिदास प्रसाद यादव एवं प्रखंड अध्यक्ष रमेश यादव ने कहा कि वर्षों से श्मशान घाट तक समुचित मार्ग नहीं होने के कारण अंतिम संस्कार के दौरान लोगों को अत्यधिक परेशानियों का सामना करना पड़ता था। उन्होंने कहा कि यह सड़क केवल एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि क्षेत्र के लोगों के सम्मान, सुविधा और संवेदनाओं से जुड़ा विषय है। उन्होंने विधायक अनंत प्रताप देव की जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशीलता की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से लंबे समय से लंबित इस मांग को पूरा किया गया है।

ग्रामीणों ने कहा कि अब अंतिम संस्कार जैसे कठिन समय में परिजनों को दलदल और कीचड़ से जूझना नहीं पड़ेगा। वर्षों पुरानी मांग पूरी होने से क्षेत्र के लोगों में खुशी है तथा उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इसी तरह जनहित से जुड़े विकास कार्य निरंतर होते रहेंगे।

इस अवसर पर उप प्रमुख अर्जुन पासवान, पूर्व मुखिया नारायण दास यादव, सुभाष प्रसाद यादव, देवचन यादव, हजारी यादव, कृष्ण यादव, बसंत पाल, किरानी पासवान, विनोद यादव, शिवनाथ बैठा, सदानंद यादव सहित प्रखंड के अनेक गणमान्य ग्रामीण उपस्थित रहे।

जरुर पढ़ें
ताज़ा ख़बर
error: Content is protected !!